गंगा आरती में 1100 दीपों के साथ Air India Flight हादसे के पीड़ितों के लिए की गई शांति की प्रार्थना
Air India Flight crash: अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना को लेकर पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी लोग काफी दुखी हैं। गुरुवार की शाम शहर के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थनाएं कीं और दीपदान किया।
इसी तरह दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की आरती इस दिन श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। घाट पर 1100 दीप जलाकर हादसे के प्रति संवेदना जताई गई।

गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित आरती में इस बार हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान किया गया। संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
विश्वनाथ मंदिर में वैदिक शांति पाठ
इसी तरह काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंडप में भी शांति पाठ का आयोजन किया गया। मंदिर के आचार्य और पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के लिए प्रार्थना की और हादसे से प्रभावित परिवारों के लिए शक्ति की कामना की।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धांजलि स्वरूप सैकड़ों दीप जलाए गए। श्रद्धालुओं ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ से प्रार्थना की कि इस भीषण दुर्घटना से प्रभावित सभी परिवारों को मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति के साथ ही दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
काशी के संत समाज ने जताया गहरा शोक
काशी ही नहीं, पूरे संत समाज में इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्याप्त है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गुजरात या काशी की नहीं, पूरे देश की क्षति है। अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने भी हादसे पर शोक जताते हुए हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गुरुवार को वाराणसी के घाटों पर श्रद्धांजलि देने के लिए स्थानीय नागरिकों के साथ देश-विदेश से आए पर्यटक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। गंगा तट पर दीपों की रौशनी और वैदिक मंत्रों की गूंज ने माहौल को भावुक और श्रद्धामय बना दिया।
यह भी बता दें कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद काशी ही नहीं बल्की देशभर में संवेदना की लहर देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने वाले संदेश साझा किए हैं।
दरअसल, बृहस्पतिवार को दोपहर में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब तक 240 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह हादसा भारतीय विमानन इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में गिना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications