वाराणसी एयरपोर्ट पर दर्जी के बैग से बरामद हुआ 18 लाख से अधिक का सोना
वाराणसी एयरपोर्ट पर शारजाह से आए सिलाई करने वाले व्यक्ति के ट्राली बैग से कस्टम ने बरामद किया 18 लाख से अधिक का सोना
वाराणसी, 21 जुलाई : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम टीम ने बुधवार रात में शारजाह से वाराणसी पहुंचे एक यात्री के तीन ट्राली बैग से 18 लाख रूपए से अधिक का सोना बरामद किया। यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से रात्रि 9 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा था। मुख्य टर्मिनल भवन में एक्सरे जांच के समय उसके ट्राली बैग से कस्टम टीम ने सोना बरामद किया। सोना जब्त करने के साथ ही उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सोने की कीमत 20 लाख से कम है इसलिए सोना जब्त कर लिया जाएगा और लिखापढ़ी करने के बाद यात्री का छोड़ दिया जाएगा।

इसी साल जनवरी में गया था शारजाह
पकड़ा गया व्यक्ति इबरार बरेली जिले का रहने वाला है। वह इसी साल जनवरी माह में शारजाह गया था और वहां पर दर्जी का काम करता था। बुधवार को शारजाह से वाराणसी आने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आई एक्स 184 से वह रात में वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरपोर्ट पर मुख्य टर्मिनल भवन में कस्टम टीम द्वारा आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही थी, उसी समय एक्सरे के दौरान इसके ट्राली बैग में सोना छूपाए जाने की जानकारी कस्टम टीम को मिली।

ट्राली बैग के किनारे में छुपा रखा था सोना
इबरार तीन ट्राली बैग लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर आया था। कस्टम टीम की पकड़ से बचने के लिये उसने ट्राली बैग के किनारे लगी हुई पट्टियों के बीच में सोने का पतला राड छुपाया हुआ था। स्टील के लगाए जाने वाले राड की जगह बीच-बीच में स्टील पालिश लगे सोने की राड लगा कर ऊपर से बैग के कपड़े की सिलाई कर दिया था। एक्सरे जांच के दौरान अधिकारियों को उसके बैग में सोना रखे होने की जानकारी मिली। उसके बाद तीनों बैग की सिलाई खोल कर बारी-बारी से सोने की राड को निकाला गया। तीनों बैग से कुल 349.5 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत 18 लाख 17 हजार रूपए बताई गई।

अप्रैल माह में भी पकड़ा गया था 48 लाख का सोना
यह भी बता दें कि इसके पूर्व अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में पटना के रहने वाले कृष्ण कुमार के पास से कस्टम टीम ने जूते के सोल में छुपाकर रखा गया 21 लाख 35 हजार रूपए का सोना बरामद किया था। उसी दिन कुशीनगर के रहने वाले हरेंद्र नामक यात्री के जूते से भी कस्टम टीम ने 26 लाख 76 हजार रूपए का सोना बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications