कौन हैं अर्नोल्ड डिक्स? जो टनल में फंसे 41 लोगों को बचाने ऑस्ट्रेलिया से पहुंचे उत्तराखंड
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की सिलक्यारी टनल धंसने के चलते 41 वर्कर्स 9 दिनों से फंसे हुए हैं। टनल में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए सरकार और उसकी एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय मदद भी ले रही हैं।
इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय टनलिंग विशेषज्ञ और इंटरनेशनल टनलिंग अंडरग्राउंड स्पेस के अध्यक्ष, प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स और उनकी टीम उत्तरकाशी पहुंची हुई है। अर्नोल्ड डिक्स सुरंग सुरक्षा और आपदा जांच में विश्व स्तर पर प्रशंसित विशेषज्ञ हैं।

ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले अर्नोल्ड डिक्स सोमवार को उत्तराखंड पहुंचे थे। अर्नोल्ड डिक्स ने उत्तराखंड आने के बाद सिलक्यारी टनल का मुआयना किया और फिर काम शुरू कर दिया। डिक्स ने अपना काम शुरू करने से पहले सुरंग के बाहर स्थित मंदिर के सामने हाथ जोड़ टनल में फंसे लोगों की जिंदगी की दुआ मांगी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कौन हैं अर्नोल्ड डिक्स
इंटरनेशनल टनलिंग अंडरग्राउंड स्पेस के अध्यक्ष प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स को सुरंग सुरक्षा और आपदा प्रतिक्रिया में उनकी विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। प्रफेसर अर्नोल्ड डिक्स एक बैरिस्टर और वैज्ञानिक हैं।अर्नोल्ड डिक्स दुनिया भर में कई परियोजनाओं में विवाद निवारण बोर्ड और टेंडर इवैल्युएशन पैनल का हिस्सा रहे हैं।
लॉ और इंजीनियरिंग दोनों में ही विशेषज्ञता के चलते उन्हें कई विवादित और कठिन मामले में शामिल किया गया और उनको हल करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। डिक्स इंटरनेशनल टनलिंग अंडरग्राउंड स्पेसके 50 साल के इतिहास में इस पद पर चुने जाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई हैं।
अर्नोल्ड डिक्स को मार्च 2011 में अर्नोल्ड को टनलिंग (सुरंग-अग्नि सुरक्षा) में शानदार कौशल और दुनिया में अग्निसुरक्षा में उनके योगदान के लिए एलन नेलैंड ऑस्ट्रेलेशियन टनलिंग सोसाइटी के द्विवार्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह ऑस्ट्रेलिया में सुरंग बनाने वाले पेशेवरों के लिए सर्वोच्च सम्मान है।
अर्नोल्ड को संयुक्त राज्य अमेरिका में अग्नि संबंधी मामलों के विषय-विशेषज्ञ के रूप में माना जाता है। वह फेडरल हाइवे एडमिनिस्ट्रेशन और कोलराडो डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन को सलाह प्रदान करते हैं। जून 2022 में अर्नोल्ड को एनएफपीए के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
अर्नोल्ड ने न्यूयॉर्क में 9/11 की आपदा (भूमिगत पहलू), लंदन बम विस्फोट, मैड्रिड बम विस्फोट के साथ-साथ डेगू मेट्रो आग और हांगकांग मेट्रो आग जैसी आपदाओं की जांच की है। वे दुनियाभर में अपने शानदार काम के लिए जाने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications