कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब पूर्व सीएम के बेटे और कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल, बयान से मचा बवाल
उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं के एक के बाद दूसरा वायरल वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर सियासी तूफान आ गया है। अब कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं के एक के बाद दूसरा वायरल वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर सियासी तूफान आ गया है। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष के गढ़वाल मंडल के लोगों के लिए अपमान करने का भाजपा ने आरोप लगाया था। अब कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें मनीष खंडूरी कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर आप का खून नहीं खोला तो आप पहाड़ी नहीं है, आपके मान सम्मान और आपकी उत्तराखंडियत पर थूकता हूं।

कांग्रेस ने उत्तराखंड में लोकसभा 2024 के लिए अंकिता केस को भी बड़ा मुद्दा बनाया है। इसके लिए कांग्रेस ने बीते दिनों पौड़ी लोकसभा में स्वाभिमान न्याय यात्रा निकाली। इस दौरान मंच को संबोधित करते हुए पौड़ी गढ़वाल लोकसभा से चुनाव लड़ चुके मनीष खंडूरी और प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के वीडियो वायरल हो रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें माहरा कहते हुए नजर आए कि गढ़वाल क्षेत्र की बेटी की मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग क्यों सो गए हैं। उनका खून पानी हो गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा में लोग अपने बर्तन और बच्चों के साथ सम्मिलित होंगे, ऐसी उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इस वीडियो के वायरल होने पर भाजपा ने आपत्ति जताते हुए गढ़वाल मंडल के लोगों का अपमान बताया था। अब मनीष खंडूरी भी भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने इन दोनों का पुतला दहन कर विरोध भी जताया है। भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बाद मनीष खंडूरी का अपमानजनक बयान भी सामने आने के बाद, कांग्रेस पार्टी को राजनैतिक दुष्परिणाम भुगतने के लिए चेताया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, अपमानजनक भाषा का प्रयोग कांग्रेस पार्टी की नीति और रीति का हिस्सा है। इससे पूर्व भी उनके शीर्ष नेता राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर एक पूरे ओबीसी समाज का अपमान किया था ठीक ऐसे ही शब्दों का इस्तेमाल उनके स्थानीय नेता गढ़वाल और उत्तराखंड के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने चेताते हुए कहा, पहले भी उन्हें ऐसी अपमानजनक टिप्पणियों के लिए जनता ने उन्हें सबक सिखाया था और आगे भी उन्हें राजनीतिक दुष्परिणाम झेलने पड़ेंगे। उन्होंने कहा, यदि उनके राजनीतिक कार्यक्रमों में जनता नहीं आएगी तो अपनी पीड़ा को इस तरह जाहिर करना शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
आपके मान सम्मान और आपकी उत्तराखंडियत पर थूकता हूं
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) July 27, 2023
-कांग्रेस नेता मनीष खंडूरी pic.twitter.com/S9ujvl5Xwo
मनीष खंडूरी कांग्रेस के सीनियर नेता हैं। जो कि 2019 में कांग्रेस के टिकट पर गढ़वाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। मनीष खंडूरी पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के बेटे हैं। जो कि भाजपा के सीनियर नेता और 8 मार्च 2007 से 23 जून 2009 और सितंबर 2011 से मार्च 2012 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे।
इससे पहले बीसी खंडूरी अटल बिहारी वाजपेई सरकार में केंद्र में सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। मनीष खंडूरी की बहन ऋतु खंडूरी भूषण वर्तमान में स्पीकर और कोटद्वार सीट से भाजपा की टिकट पर विधायक चुनकर आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications