Vinay Tyagi Attack कुख्यात बदमाश को पुलिस कस्टडी में गोलियां चलाने वाले दोनों शूटर दबोचे, अब तक हुआ ये एक्शन
Vinay Tyagi Attack कुख्यात बदमाश विनय त्यागी को पुलिस कस्टडी में गोलियां चलाने वाले दोनों शूटरों को पुलिस ने खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। हमलावरों से तमंचे भी बरामद हो गए हैं पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी पर जा रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर दो शूटरों ने गोली चलाई थी।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा ने पैसों के लेनदेन के विवाद में साथी अजय के साथ विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है। सन्नी और अजय का आपराधिक इतिहास रहा है। वह काशीपुर में एक डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।

उसे लक्सर कोर्ट लाया जा रहा था। इसी दौरान दो बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर गोलियां चला दी। इस दौरान विनय त्यागी को भी गाेली लगी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों को दबोचने का दावा किया है। पुलिस ने बताया गया कि दोनों आरोपी पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती में जेल जा चुके हैं।
आरोपी सनी लगातार विनय त्यागी की रेकी कर रहा था। प्रथम दृष्टया जांच में आरोपी सनी एवं विनय त्यागी के बीच पैसों का लेन-देन होना पाया गया है। पुलिस ने जिन दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया है, उनमें सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर और अजय पुत्र कुंवर सैन निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर के रुप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद है। सन्नी के रकम मांगने पर विनय त्यागी उसकी हत्या करवाने की धमकी दे रहा था। इसी बात से भड़के सन्नी ने विनय की हत्या की साजिश रची थी। वह लगातार विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हुए थे। विनय त्यागी के रुड़की कारागार में शिफ्ट होने के दौरान ही उन्हें उसके लक्सर में पेशी पर आने की जानकारी मिली थी।
उन्होंने लक्सर-रुड़की मार्ग पर रेकी करने के बाद बुधवार को वारदात को अंजाम दिया। विनय को गोली मारने के बाद हमलावर बाइक लेकर फरार हुए थे लेकिन पुलिस की घेराबंदी के कारण बाइक छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने जंगल के रास्ते फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने कांबिंग के दौरान खानपुर थाना क्षेत्र में सिंकदरपुर गांव के पास जंगल में बिजनौर हाईवे के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
उधर पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जा रहे हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर हुई फायरिंग के मामले में एसएसपी ने कार्रवाई की है। लापरवाही को लेकर प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर एक एसआई और दो कांस्टेबल निलंबित हुए हैं। वहीं, घटनाक्रम के संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को जांच के आदेश दिए गए हैं।
रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी। कारागार से चालक सहित छह पुलिसकर्मी सरकारी टाटा सूमो वाहन में उसे पेशी पर लक्सर लेकर आ रहे थे।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर यहां जाम के दौरान सामने वाहन होने के कारण उन्हें वाहन को रोकना पड़ा। इसी दौरान दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर अंधाधुन गोलियां बरसा दी। वाहन में मौजूद विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी, वह वाहन में ही गिर गया जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। हालांकि दो पुलिसकर्मियों को चोट आई।












Click it and Unblock the Notifications