Uttarkashi में विजिलेंस की कार्रवाई से हड़कंप, भूमि के मुआवजे के एवज में 10 हजार की रिश्वत ले रहा अमीन दबोचा
Uttarkashi उत्तराखंड में भ्रष्ट्राचार के खिलाफ विजिलेंस का एक्शन जारी है। उत्तरकाशी में विजिलेंस की टीम ने लोनिवि के एक अमीन को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। विजिलेंस की टीम ने अभियुक्त को दबोचने के बाद कई घंटे तक पूछताछ की।
साथ ही अमीन की संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान कटान की भूमि के मुआवजे के एवज में अमीन ने घूस मांगी थी। जिसकी शिकायत विजिलेंस को की गई। विजिलेंस ने जांच के बाद आरोपी को रिश्वत लेते दबोच लिया।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग भटवाड़ी कैंप कार्यालय में नियुक्त अमीन टिका राम नौटियाल के खिलाफ विजिलेंस को शिकायत मिली थी। बताया जा रहा है कि अमीन शिकायतकर्ता से सड़क निर्माण के दौरान कटान हुई भूमि के मुआवजे के एवज में रिश्वत मांग रहा था, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में एक सूचना दी थी।
जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि अमीन टिका राम नौटियाल उनसे भूमि के मुआवजे से जुड़ी फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांग रहा है। विजिलेंस ने शिकायत पर जाल बिछाया। गुरुवार यानी 22 जनवरी को अमीन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की टीम ने अमीन को पकडने के बाद पूछताछ की और साथ ही सभी दस्तावेज खंगाले गए। उत्तराखंड में विजिलेंस लगातार भ्रष्ट्राचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
रिश्वतखोर अधिकारी और कर्मचारियों को जेल के सलाखों के पीछे पहुंचाने में जुटी है। बीती 16 जनवरी को भी विजिलेंस की टीम ने हरिद्वार के जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। जो कि राशन डीलर से मांगी गई थी। इससे पहले हरिद्वार जिले के रुड़की में विजिलेंस की टीम ने सिविल अस्पताल से एक डॉक्टर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लगातार पूरे प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत एक्शन जारी है।












Click it and Unblock the Notifications