Uttarkashi Silkyara Tunnel: कब शुरू और पूरा होगा सिलक्यारा टनल का काम, जानिए अब तक का सबसे बड़ा अपडेट
Uttarkashi Silkyara Tunnel उत्तराखंड में यमुनोत्री हाइवे पर चार धाम प्रोजेक्ट के तहत ऑल वेदर रोड पर निर्माणाधीन सिलक्यारा-डंडालगांव टनल का काम अब कब शुरू होगा और कब तक काम पूरा होगा। इसको लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। दिवाली की सुबह टनल में हुए हादसे के बाद जिस तरह 17 दिन तक रेस्क्यू अभियान चला और 41 मजदूर फंसे रहे उसके बाद से सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि क्या डीपीआर (डिटेल प्रोजक्ट रिपोर्ट) में जियो टेक्निकल सर्वे की रिपोर्ट का ध्यान रखा गया। जिस तरह सुरंग में हादसा हुआ, उसके बाद कई आशंका लोगों के मन में है। ऐसे में टनल में काम करने वाले मजदूर और उनके परिजन दोबारा चिंतित हो रहे हैं। हालांकि कंपनी का दावा है कि जल्द टनल में काम शुरू हो जाएगा और 2024 तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
उत्तराखंड में यमुनोत्री हाइवे पर चार धाम प्रोजेक्ट के तहत ऑल वेदर रोड पर सिलक्यारा-डंडालगांव सुरंग निर्माणाधीन है। सिलक्यारा-डंडालगांव सुरंग का काम साल 2018 में शुरू हुआ था। इसकी डेडलाइन पहले जुलाई 2022 रखी गई थी। दिसंबर 2023 तक भी सुरंग का काम पूरा नहीं हो पाया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सुरंग बनाने वाली नवयुग कंपनी का दावा है मई 2024 से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।
नवयुग कंपनी को सिलक्यारा-डंडालगांव सुरंग बनाने का काम इंजीनियरिंग प्रक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड में दिया था। सिलक्यारा सुरंग में दिवाली की सुबह मलबा गिरने से 41 मजदूर फंस गए थे। मजदूरों को रेस्क्यू करने के लिए देशभर की 12 से ज्यादा एजेंसियों, वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही अंर्तराष्ट्रीय एक्सपर्ट भी बुलाए गए। 17वें दिन इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाया गया।
इस दौरान अमेरिकी ऑगर मशीन से लेकर प्लाज्मा कटर, लेजर कटर, ड्रिलिंग की मशीन, रोबोट सहित दर्जनों मशीन बचाव के लिए मंगाई गई थीं। जिसमें काफी खर्च आया। बताया जा रहा है कि बचाव अभियान पर होने वाला खर्च निर्माणदायी कंपनी नवयुगा वहन करेगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) खर्च का ब्यौरा तैयार कर रहा है। हालांकि इस अभियान पर कितना खर्च हुआ है, इसका आंकड़ा अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications