पति ने पत्नी को बनाया बंधक,सारी हैवानियत पार कर मारपीट व अभद्रता का Video viral,पुलिस ने उठाया ये कदम
Uttarkashi news video viral उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति एक महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट व अभद्रता कर रहा है। वायरल होने के बाद पुलिस और महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है।
उत्तरकाशी पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा एक महिला को बंधंक बनाकर उसके साथ मारपीट व अभद्रता की जा रही है।

वीडियो के सम्बन्ध में जानकारी जुटाने पर मालूम हुआ कि प्रकरण थाना धरासू क्षेत्र से सम्बन्धित है, जहां एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट व अभद्रता का वीडिया बनाया गया। इस सम्बन्ध में लड़की के पिता द्वारा थाना धरासू पर एक लिखित तहरीर दी गयी थी, जिसके आधार पर पुलिस द्वारा मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की गम्भीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। पुलिस द्वारा पीड़िता को ढांढ़स बंधाते हुये पूर्ण रुप से कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस की ओर से इस मामले में अपील जारी कि है कि वीडियो महिला की अस्मिता से जुड़ा हुआ है। वीडियो का सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रचार-प्रसार न करें, वीडियो का प्रचार प्रसार करने वाले के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने महिला पर हो रहे क्रूर अत्याचार पर नाराजगी व्यक्त कर गहरी चिंता जताई है। मामले में आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता करते हुए इस वायरल वीडियो में दिखने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि महिला के साथ ऐसी जघन्य मारपीट करने वाले व ऐसे अभद्र व आपत्तिजनक शब्दो का उपयोग किया जाना बहुत निंदनीय है। ऐसी घटिया मानसिकता के लोगो का समाज मे होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को आदेश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द इस वीडियो को सोशल मीडिया से डिलीट करवाया जाए और मामले की तहकीकात कर आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications