Uttarkashi News: धराली में चमत्कार! मलबे से मां राजराजेश्वरी के साथ अन्य देवी देवताओं की मूर्ति मिली सुरक्षित
Uttarkashi dharali News: उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा ने पूरा गांव तबाह कर दिया। अभी भी धराली में सर्च अभियान जारी है। धराली में आई आपदा में पौराणिक कल्प केदार मंदिर भी मलबे में समाया हुआ है। हालांकि गांव के ईष्ट देवता सोमेश्वर का मंदिर आपदा में बच गया। मंदिर पहाड़ी के पास होने से मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ।
अब मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। इस बीच खुदाई के दौरान गांव के गलाणथोक की कुलदेवी राजराजेश्वरी की चांदी की मूर्ति के साथ उनके कटार और अन्य देवी देवताओं की मूर्ति सुरक्षित मिली हैं। जिसे देखकर ग्रामीण भावुक हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि यह तीसरी बार हुआ है, जब मां की मूर्ति सुरक्षित मिली है। जिसे वह चमत्कार मान रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते पांच अगस्त को धराली में आए मलबे के सैलाब में गांव के कई मकान, होटल, होम स्टे और बाजार दब गया। पुराने गांव में गलाण थोक का काफी पुराना भवन भी मलबे की चपेट में आया जो कि जमींदोज हो गया था। इसी में कुलदेवी राजराजेश्वरी का बना मंदिर भी दब गया था। ग्रामीणों को अब उम्मीद नहीं थी कि मंदिर या मूर्ति कभी मिल पाएगी।
12 दिन बाद मलबे से मिली मूर्ति
लेकिन 12 दिन बाद सर्च अभियान टीम को खुदाई में मलबे से करीब पांच से दस फीट नीचे पहले एक पेड़ दबा हुआ मिला। उसके बाद उस पेड़ को जब हटाया गया तो उसमें गलाणथोक की कुलदेवी राजराजेश्वरी की चांदी की मूर्ति के साथ ही उनके कटार और साथ में रखी पांच पांडवों व भगवान शिव की पंचमुखी मूर्ति बिल्कुल सुरक्षित मिली। टीम ने मूर्ति को ग्रामीणों को सौंप दिया। जिसको देखकर ग्रामीण भावुक हो गए।
पहले भी हुआ चमत्कार
ग्रामीणों ने बताया कि मूर्ति पर एक खरोंच भी नहीं है। कुलदेवी को लगाया टीका और बिंदी तक साफ सुथरी मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि मां की मूर्ति किसी आपदा में यथावत मिली है. इससे पूर्व भी गांव में 70 और 80 के दशक में आग लगी थी। उस समय भी मात्र मां भगवती के स्थान वाला ही भवन आग की चपेट में आने से बचा था। इस बार मूर्ति के उपर पेड़ गिरने से शायद मूर्ति को किसी तरह की क्षति नहीं हुई है।
रेस्क्यू में हो रही परेशानी
बता दें कि धराली में आई आपदा से पूरा गांव तबाह हो गया। जिसमें कई घर, होटल जमींदोज हो गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 25 से 30 फीट मलबा और गाद आया हुआ है। जिसे हटाने का काम चल रहा है। लेकिन सड़क मार्ग अब भी धराली से कनेक्ट नहीं हो पा रहा है। जिससे रेस्क्यू में परेशानी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications