उत्तराखंड: पहाड़ी दरकने से फिर बंद हुआ तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग, स्थानीय लोगों समेत फंसे 40 यात्री, Video
उत्तराखंड: पहाड़ी दरकने से फिर बंद हुआ तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग, स्थानीय लोगों समेत फंसे 40 यात्री, Video
पिथौरागढ़, 24 सितंबर: तवाघाट-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार 23 सितंबर की देर शाम भूस्खलन के कारण बंद हो गया। भूस्खलन से जुड़ा एक भयावह वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, यहां तांबा गांव के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गया। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ऐसे गिरा कि धरती भी कांप उठी। तो वहीं, पहाड़ी जैसे ही खिसकी पूरा क्षेत्र धूल के गुबार से भर गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी-अपनी जान बचाई।
Recommended Video

वहीं, पहाड़ी के दरक कर नीचे गिरने से तवाघाट-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात एक बार फिर बंद हो गया है। जिसकी वजह से चीन सीमा के निकटवर्ती गांवों से संपर्क कट गया है। इस आदि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग के बंद होने से स्थानीय लोगों सहित 40 यात्री वहीं फंस गए हैं। आपको बता दें कि चीन सीमा को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले दिनों मलघाट में भूस्खलन के कारण बंद हो गई थी। 12 दिन बाद बुधवार देर शाम इस सड़क पर यातायात फिर से सुचारु हो सका था।
लेकिन, शुक्रवार 23 सितंबर की देर शाम तांबा गांव के पास अचानक पहाड़ी दरक गई। जिसकी वजह से चीन सीमा जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। पहाड़ी दरकने का जो वीडियो सामने आया है वो भी काफी भयावह है। बता दें कि पहाड़ी जैसे ही खिसकी पूरा क्षेत्र धूल के गुबार से भर गया और सड़क फिर बंद हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी-अपनी जान बचाई। सड़क बंद होने से व्यास घाटी के सात गांवों का संपर्क कट गया है।
तो वहीं, प्राइवेट टूर ऑपरेटर के माध्यम से आदि कैलाश यात्रा पर गए 40 यात्री बुंदी में फंस गए हैं। इस सड़क के एक बार फिर बंद होने से सीमांत के लोगों के साथ ही सीमा चौकियों में तैनात जवानों और पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। सड़क के जल्दी खुलने की संभावना नहीं है। ऐसा बताया जा रहा है कि बीआरओ आज यानी 24 सितंबर से चट्टानें हटाने का काम शुरू करेगा। बता दें, राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने से फिर से लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। इस मार्ग को खुलने में अभी तीन से चार दिन का समय लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications