Uttarakhand Panchayat Chunav: 70 प्रतिशत मतदान, गांव की सरकार के लिए अब 31 जुलाई को परिणाम का इंतजार
Uttarakhand Panchayat Chunav: उत्तराखंड में गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सोमवार को हरिद्वार छोड़कर 12 जिलों में दूसरे चरण का मतदान हुआ। जिसमें देर रात तक पोलिंग पॉर्टियां का अपने कंट्रोल रूम तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
दूसरे चरण में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 70 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा जारी किया। इनमें 65.50 प्रतिशत पुरुष और 74.50 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं। मैदानी जिलों में भारी उत्साह दिखा।

सोमवार को सुबह आठ बजे से प्रदेश के 40 विकासखंडों के 4709 मतदेय स्थलों पर मतदान शुरू हुआ। इस चरण के लिए 21,57,199 मतदाता पंजीकृत थे। पहले चरण के 17,829 और दूसरे चरण के 14,751 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में कैद हो गया है।
भारी बारिश के बीच भी कई जगहों पर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। ऊधमसिंह नगर में रिकॉर्ड 84.26 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम अल्मोड़ा में 58.20 प्रतिशत वोटिंग हुई। देहरादून में दूसरे चरण का मतदान भी शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
दूसरे चरण में डोईवाला, रायपुर व सहसपुर में 77.25 फीसदी मतदान हुआ। जबकि पहले चरण में देहरादून के विकासखंड चकराता, कालसी और विकास नगर में 78.49 प्रतिशत मतदान हुआ था। सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया है।
पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं को खासा उत्साह दिखा। सुबह से शाम तक बूथों पर लंबी कतार देखने को मिली। बुजुर्ग, दिव्यांग और महिला मतदाताओं के साथ ही पहली बार वोट देने पहुंचे युवा मतदाता भी अपना वोट डालने को उत्साहित नजर आए।
चुनाव सम्पन्न होने के बाद पोलिंग पार्टियों द्वारा स्ट्रांग रूम में मत पेटियां और चुनाव सामग्री जमा की गई। मत पेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में सील किया गया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
अब 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। जिस पर भाजपा, कांग्रेस समेत सभी सियासी दलों की नजरें टिकी हुई हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में पंचायत चुनावों में सियासी दलों के समर्थित प्रत्याशियों के चुनाव परिणाम कई नेताओं का भविष्य तय करेंगे। जिनमें प्रदेश अध्यक्ष से लेकर विधायक तक शामिल हैं। प्रदेश के 12 जिला पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए इन चुनावों के परिणाम काफी मायने रखते हैं।
मतदान प्रतिशत
- उत्तरकाशी -75.96
- पौड़ी गढ़वाल-69.27
- टिहरी -60.05
- देहरादून -77.25
- चमोली -66.47
- चंपावत -70.21
- नैनीताल -76.07
- अल्मोड़ा -58.20
- ऊधमसिंह नगर-84.26
- पिथौरागढ़ -64.9












Click it and Unblock the Notifications