Uttarakhand News: 2027 से पहले कांग्रेस में जंग, हरक ने बोला फ्यूज कारतूस तो हरीश रावत ने किसे कहा विष पुरुष
Uttarakhand News: उत्तराखंड में कांग्रेस ने 2027 के चुनाव से पहले अपनी टीम का ऐलान तो कर दिया लेकिन नई टीम के ऐलान होते ही पार्टी में फिर से बयानबाजी शुरू हो गई है। ऐसे में भाजपा को भी कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिल गया है।
ये बयानबाजी पूर्व सीएम हरीश रावत और चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी देखने वाले हरक सिंह के बीच देखी जा रही है। हरक सिंह ने चुनाव में ऐसे लोगों को टिकट न देने की बात की जो फ्यूज कारतूस हैं तो हरीश रावत ने हरक सिंह पर ही पलटवार कर दिया। हरीश रावत ने अपनी पार्टी में कुछ विष पुरुष होने की बात भी की।

कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी हरक सिंह रावत ने कहा है कि चुनाव में एक-एक सीट जरूरी है। 2027 के विस चुनाव में कांग्रेस एक-एक सीट का विश्लेषण करेगी। जरूरी नहीं कि हर नेता हर सीट पर चुनाव जीते। वह उस सीट के लिए बोझ भी हो सकते हैं। हम हर सीट का एनालिसिस करेंगे।
अगर कोई नया व्यक्ति जीतने की स्थिति में होगा तो उसको मौका देंगे। घिसे-पिटे लोगों को मौका नहीं देंगे। कहा कि घिसे-पिटे लोग फ्यूज कारतूस होते हैं। हमारे प्रत्याशी के भीतर आक्रामकता होनी चाहिए। हरक सिंह के टिकट बंटवारे में फ्यूज कारतूस को इस बार टिकट नहीं दिए जाने के बयान पर अब हरीश रावत का बयान सामने आया है।
फ्यूज कारतूस शब्द का इस्तेमाल करना पूर्व सीएम हरीश रावत को पसंद नहीं आया। हरीश रावत ने भी हरक को खरीखोटी सुना दी। टिकट बंटवारे में हरक के फ्यूज कारतूस के बयान से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना है कि कभी तो वो लोग भी काम आए होंगे। दुश्मन को गिराने में जो कारतूस काम आया है, उसका फ्यूज खोखा भी महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि इसीलिए तो हमारे घरों की दीवारों पर भी हम अपने बुजुर्गों की फोटो लगाते हैं। इशारों-इशारों में उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जिसकी जैसी उपयोगिता होगी, जैसा समय चाहेगा, उस हिसाब से काम होगा।
इसके साथ ही हरीश रावत ने कहा कि जो लोग सार्वजनिक रूप से अपने साथियों और पार्टी के विषय में असहज होने वाली टिप्पणियां करते हैं या पार्टी के नेताओं की कभी अनावश्यक प्रशंसा कर उनको भ्रमित करने का काम करते हैं, ऐसे सब लोग विष पुरुष हैं और यह विष पुरुष हमारी ही पार्टी में नहीं है, बल्कि जितने भी राजनीतिक दल हैं, यहां तक की भाजपा में भी बहुत विष पुरुष हैं।
कहा, भाजपा तो इस समय सत्ता में है, वहां विष पुरुषों की बड़ी तादाद है। बल्कि उनके तो कई प्रवक्तागण हैं जो विष पुरुष हैं, वह जुबान से ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिन शब्दों से भाजपा और धामी की जड़ खुद रही है। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की कारतूस, जहर जैसी बयानबाजी को उनके बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा बताया है।
भाजपा के विधायक और प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाले शब्दावलियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कहा, कोई किसी को फ्यूज्ड कारतूस बताता है, कोई कारतूस के खोखों से भी काम लेने का दावा करता है, कोई कार्यकर्ताओं से जहर निकलने और कोई राजनीतिक ब्लैकमेलरों से बचने की बात कहता है। फिलहाल ये सब कांग्रेस में नए सिरे से शुरू हुई वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। जब समय से पहले आवश्यक रूप से जिम्मेदारियां तय कर दी जाती हैं तो यही होता है।












Click it and Unblock the Notifications