Uttarakhand news: सरकार से पहले भाजपा संगठन में बदलाव की तैयारी, जानिए कब तक होगा नई टीम का ऐलान
Uttarakhand news: उत्तराखंड में भाजपा के अंदर संगठन स्तर पर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इस बार सरकार से लेकर संगठन स्तर तक होने जा रहे बदलाव को लेकर सुगबुगाहट तेज है। माना जा रहा है कि सितंबर के पहले हफ्ते तक उत्तराखंड भाजपा की नई टीम का ऐलान कर दिया जाएगा।
महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही भाजपा में नए बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। बीते दिनों प्रदेश प्रभारी, सीएम धामी, प्रदेश अध्यक्ष और सांसदों की दिल्ली में हुई बैठक के बाद इन सभी मसलों पर चर्चा होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सभी से चर्चा के बाद ही लिस्ट तैयार की गई है। जिसका जल्द ऐलान होने जा रहा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार और संगठन में आने वाले दिनों में बदलाव हो सकता है। इसके लिए सीएम, प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष होमवर्क कर चुके हैं।
इस बीच दिग्गजों के दबाव के चलते कुछ नामों को लेकर खींचतान की भी खबरें हैं। साथ ही कुछ दिग्गजों ने देहरादून से लेकर दिल्ली तक भागदौड़ भी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में जगह पाने के लिए रेस लगाई जा रही है। विधायकों का पहला दांव मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर है तो संगठन में काम करने वाले बड़े नेताओं के लिए कुर्सी पाना भी चुनौती है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा 6 प्रदेश उपाध्यक्ष और 6 प्रदेश मंत्री और महामंत्री पद पर प्रदेश संगठन महामंत्री सहित कुल 4 महामंत्री बनाए जाते हैं। संगठन महामंत्री का पद और उसका कार्यकाल संघ पृष्ठभूमि से तय होता है। इस बार दो पुरुषों के साथ एक महिला महामंत्री भी मिल सकती है।
इसके अलावा कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी, ओर प्रदेश मीडिया प्रभारी के साथ 7 अलग-अलग मोर्चों के अध्यक्ष, जिसमें युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा ओर ST मोर्चा शामिल हैं। प्रदेश पदाधिकारी को मिलाकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में 30 के करीब पदाधिकारी होते हैं। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों की बात करें तो पूरे प्रदेश में मिलाकर इनकी संख्या 100 के करीब होती है।
महेंद्र भट्ट की टीम में इस बार कुछ नए चेहरे नजर आ सकते हैं। दिल्ली में हुई हाईप्रोफाइल बैठक में प्रदेश संगठन की नई टीम को लेकर सभी चर्चाएं पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश कार्यकारिणी की टीम को लेकर फाइनल लिस्ट भी बन चुकी है। इसमें थोड़ा बदलाव होने के भी संकेत मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications