Uttarakhand news रजतोत्सव समारोह में अगले 25 वर्षों के लिए नया रोडमैप होगा तैयार: CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य के विकास के लिए अगले 25 वर्षों के लिए नया रोडमैप बनाया जायेगा। 25 साल पूरे होने पर रजतोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। 1 नवम्बर को इगास पर्व से 11 नवम्बर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 नवम्बर को राष्ट्रपति विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी, जबकि 9 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलेगा।विशेष सत्र में राज्य को आगे ले जाने की दिशा में विचार-विमर्श होगा और बीते 25 वर्षों के अनुभवों पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य निर्माण की रजत जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजतोत्सव समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेशभर में 01 नवम्बर को इगास पर्व से 11 नवम्बर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का विषय है कि उत्तराखण्ड 25 वर्षों की उल्लेखनीय यात्रा पूर्ण कर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। वर्ष 2050 उत्तराखण्ड राज्य स्थापना का स्वर्ण जयंती वर्ष होगा। आने वाले इन 25 वर्षों के लिए राज्य सरकार एक नया रोडमैप बनाकर आगे बढ़ेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं पर बलिदान देने वाले जवानों और राज्य आंदोलन के बलिदानियों को भी नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के रजतोत्सव समारोह के अंतर्गत 03 और 04 नवम्बर को देहरादून में विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 03 नवम्बर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विशेष सत्र को संबोधित करेंगी, जो राज्य के लिए गौरव का विषय है। 9 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस पर मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। रजतोत्सव समारोह का केंद्रबिंदु संस्कृति, पर्यटन, युवाशक्ति, प्रवासी उत्तराखण्डी तथा राज्य आंदोलनकारी रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications