Delhi-Dehradun Expressway को लेकर बड़ा अपडेट, एक एलिवेटेड हिस्सा ट्रायल के लिए खुला, जानिए कब होगा शुरू
Delhi-Dehradun Expressway दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को लेकर एक बड़ी और अच्छी खबर आई है। सालों से एक्सप्रेसवे का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है कि एक एलिवेटेड हिस्से को ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। यह अक्षरधाम से खेकड़ा तक जाता है। इसके जरिये दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी।
खेकड़ा से दिल्ली पहुंचने में अब घंटों की जगह 20 से 25 मिनट ही लगेंगे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से को 30 नवंबर की आधी रात से ट्रायल रन के लिए खोल दिया गया। जल्द ही एक्सप्रेसवे पूरी तरह शुरू हो जाने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर दो-ढाई घंटे में पूरा होगा। अभी इसमें साढ़े 6 घंटे तक लगते हैं।

उम्मीद की जा रही है जल्द ही पूरे एक्सप्रेसवे को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे 6 लेन का है। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे अक्षरधाम से देहरादून तक जाता है। इस पर करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। दिल्ली में इसका एलिवेटेड हिस्सा सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, जिससे दिल्ली से पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड का सड़क संपर्क और तेज हो गया है।
- एलिवेटेड हिस्सा खुलने से खेकड़ा के आसपास के अलावा बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और पूरे उत्तराखंड के यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिला है।
- इस एलिवेटेड सड़क पर बागपत से दिल्ली के बीच टोल बूथ नहीं लगाया गया है और वाहन चालकों को टोल फ्री सफर कराया जाएगा।
- मवीकलां से आगे देहरादून के लिए कोई वाहन एक्सप्रेसवे पर जाएगा तो उस पर तुरंत ही टोल लग जाएगा।
- एक्सप्रेसवे पर चलते हुए आपातकालीन सेवाएं, पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, एंबुलेंस, सुरक्षा पेट्रोलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा हाईवे पर स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया गया है।
- पूरे एक्सप्रेसवे को चार हिस्सों में बनाया गया है। सभी हिस्सों में पर्यावरणीय मानकों का खास ख्याल रखा गया है।
- राजाजी नेशनल पार्क में एशिया का सबसे लंबा 12 किमी का एलिवेटेड जंगल कॉरिडोर भी इसी का हिस्सा है। इस कॉरिडोर में जानवरों की आवाजाही के लिए छह अंडरपास बनाए गए हैं। इस मार्ग पर चलते हुए दोनों ओर हरियाली नजर आएगी।
- इसके साथ ही भविष्य में इस एक्सप्रेसवे पर ई-वाहनों के लिए विशेष चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए जाने की योजना है।
- उम्मीद लगाई जा रही है कि नए साल में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पूरी तरह से शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications