Uttarakhand news: बागेश्वर में भी बादल फटने से मचा हाहाकार, हर तरफ तबाही का मंजर, दो की मौत और तीन लापता
Bageshwar Cloudburst उत्तराखंड के बागेश्वर में भी बादल फटने से हाहाकार मचा हुआ है। कपकोट में बादल फटने से तबाही का मंजर सामने आया है। जिसमें अब तक दो की मौत और तीन लापता हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश से सरयू और गोमती नदियां उफान पर हैं।
बीते 24 घंटों में कपकोट में 140 मिमी, बागेश्वर में 36 मिमी और गरुड़ में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई है।SDRF टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया जिस दौरान 02 शव बरामद किए गए हैं। 03 व्यक्तियों के लापता होने पर SDRF टीम द्वारा स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, NDRF इत्यादि के साथ सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

बागेश्वर जिले के कपकोट विकासखण्ड में बीती रात बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी। ग्राम पौंसारी के खाई जर तोक में बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। लगातार हो रही बारिश से सरयू और गोमती नदियां उफान पर हैं। आपदा की चपेट में आए दो परिवारों के घर मलबे में दब गए।
इस हादसे में बसंती देवी और बचुली देवी के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि रमेश चंद्र जोशी, उनका बेटा गिरीश और पूरन जोशी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं रमेश चंद्र का बेटा पवन सुरक्षित बच गया। भारी मलबे से खेत बह गए हैं, पशुहानि हुई है, और गाँव की पुलिया तथा सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
ग्राम बैसानी क्षेत्र में भूस्खलन में दबने से तेरह बकरियों सहित कई पशुओं की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुँचकर राहत व बचाव कार्य में जुट गई। जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक चन्द्र शेखर घोड़के, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई की टीमें क्षतिग्रस्त मार्ग खोलने और वैकल्पिक रास्ते तैयार करने में जुटी हैं।
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार कन्याली कोट पोसारी/ग्राम सिमोटी क्षेत्र में बादल फटने की जानकारी मिलते ही टीम को रवाना किया गया। आपदा में तीन मकान बहने के साथ ही कुछ व्यक्तियों के लापता होने की जानकारी मिली थी। घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा एक व्यक्ति को घायल अवस्था में सुरक्षित निकाल लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications