Cloudburst in Chamoli: चमोली में बादल फटने से हाहाकार, थराली गांव में मलबे में दबे कई घर, दो लापता
Cloudburst in Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में गुरुवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। आधी रात जब लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक बारिश और मलबे के तेज बहाव ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में एक 20 वर्षीय लड़की के मलबे में दबने और एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। सीएम धामी इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बादल फटने की घटना राड़ीबगड़ और टूनरी गदेरा क्षेत्र में हुई, जिससे थराली बाजार और आस-पास के गांवों में मलबे का ढेर लग गया। तहसील थराली परिसर तक मलबा घुस आया, जिससे कई घर और वाहन क्षतिग्रस्त हुए। नगर पालिका अध्यक्ष और एसडीएम के आधिकारिक आवास को भी नुकसान पहुंचा है।

सड़क मार्गों पर आपदा का असर, चेपड़ों बाजार में दुकानें क्षतिग्रस्त
सड़क मार्गों पर भी आपदा का असर साफ दिख रहा है। थराली-ग्वालदम मार्ग और थराली-सागवाड़ा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि नेशनल हाईवे पर भी यातायात बाधित है। चेपड़ों बाजार में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं और एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।
राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम रवाना
राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम गौचर से मौके पर रवाना हो गई है। लगातार बारिश और मलबे का दबाव राहत कार्यों को चुनौतीपूर्ण बना रहा है, लेकिन प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दिया अपडेट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। साथ ही राहत और बचाव कार्यों की जानकारी भी दी। सीएम ने कहा कि, जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications