Delhi Red Fort Blast घटना के बाद उत्तराखंड में High Alert, रात से जारी है चेकिंग अभियान
Delhi Red Fort Blast दिल्ली के लाल किला के पास कार में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना के मद्देनज़र उत्तराखण्ड के डीजीपी को पुलिस को हाई अलर्ट पर रखने, पूरी सतर्कता बरतने और राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना को अत्यंत दुखद बताया है । साथ ही इसमें हताहत एवं घायल हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्य भर में हाई अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत प्रदेश भर में रातभर पुलिस का चेकिंग अभियान चलता रहा।
सघन चेकिंग अभियान के निर्देश जारी
अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश देते रहे। राज्य के सभी जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान के निर्देश जारी किए गए हैं।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड सक्रिय
सभी जिला प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने, तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना एवं सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जनपदों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार्, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) तथा डॉग स्क्वाड को सक्रिय कर दिया गया है। इनकी टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें
राज्य स्तर पर सभी गतिविधियों की निगरानी पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम से की जा रही है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। राज्य पुलिस पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखे हुए है।
फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने भी जनपद के सभी सीमावर्ती चेक पोस्ट, आंतरिक मार्गो, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों आदि पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए और खुद भी फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।












Click it and Unblock the Notifications