बिहार चुनाव के रण में उतरे उत्तराखंड के CM धामी, दो दिन तक करेंगे धुंआधार प्रचार, विपक्ष पर किया जमकर हमला
बिहार चुनाव के रण में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कूद गए हैं। सीएम धामी का ये दूसरा दौरा हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस बार दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। कल्याणपुर में सीएम धामी ने सचेंद्र प्रसाद सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा पहुंचे। उन्होंने यहां बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि बिहार का विकास केवल डबल इंजन की सरकार से ही संभव है।

सीएम धामी सुबह पटना पहुंचे, जहाँ से वे हेलीकॉप्टर द्वारा कोटवा पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी ने बिहार की जनता से बीजेपी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।धामी ने सभा के दौरान समान नागरिक संहिता (UCC), लव जिहाद और युवा रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में समानता और सुरक्षा के लिए मजबूत कानून जरूरी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो दल कभी परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करते थे, आज वे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब सब समझ चुकी है। कार्यक्रम में स्थानीय बीजेपी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में दूसरी बार उतरे। भाजपा ने सतपाल महाराज और डा धन सिंह रावत को भी चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा है। धामी अभी तक बिहार के गोरियाकोठी, वारसलीगंज, सिवान जैसे विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार कर चुके हैं। मुख्यमंत्री धामी पटना हवाई अड्डे से निजी विमान से कल्याणपुर पहुंचे। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र में महावीर रामेश्वर इंटर कालेज, सोनवर्षा में आयोजित जनसभा में भाग लिया।
धामी 31 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र रामनगर के राजकीय जगरनाथ उच्च विद्यालय, बखरी में दोपहर 12.05 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। डा धन सिंह रावत प्रचार में डटे हैं, जबकि सतपाल महाराज भी चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंचेंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को बिहार के 42 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रबंधन का जिम्मा दिया गया है। नैनीताल सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा तीन विधायकों प्रदीप बत्रा, शिव अरोड़ा व अरविंद पांडेय को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications