UTTARAKHAND CHAR DHAM YATRA: चारों धामों के कपाट बंद होने की तारीखों का ऐलान, ये है तारीख और मुहूर्त
उत्तराखंड: चारधाम के कपाट बंद होने की तारीखों का ऐलान
देहरादून, 5 अक्टूबर। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चारधाम के कपाट बंद होने की तारीखों का ऐलान हो गया है। गंगोत्री के कपाट 26 अक्टूबर, यमुनोत्री के कपाट 27 अक्तूबर को भैया दूज पर, केदारनाथ धाम के कपाट के 27 अक्टूबर, बद्रीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट इस बार 3 मई, केदारनाथ के 6 मई और बद्रीनाथ के 8 मई को खोले गए थे। इस बार यात्रा सीजन में 35 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए हैं।

26 अक्टूबर को ही अन्नकूट पर्व पर कपाट बंद होंगे
दशहरा पर्व पर गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगा मैया के कपाट बंद करने की तिथि घोषित कर दी है। मंदिर समिति के अनुसार इस बार गंगोत्री के कपाट 26 अक्टूबर को अन्नकूट पर्व पर बुधवार को 12:01मिनट पर कपाट बंद होंगे जबकि 12:05 पर प्रस्थान होगा। गंगोत्री धाम के कपाट इस बार दिवाली के एक दिन बाद बंद होंगे। पंडित प्रकाश चंद्र नौटियाल शास्त्री के अनुसार दीपावली का पर्व 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा। 25 अक्टूबर को शाम 7 बजे तक अमावस्या रहेगी और ग्रहण होने के कारण कपाट बंद नहीं किए जा सकते हैं। ऐसे में 26 अक्टूबर को ही अन्नकूट पर्व पर कपाट बंद होंगे। यमुनोत्री पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि धाम के कपाट 27 अक्तूबर को भैया दूज पर 12:09 बजे सर्व सिद्धि योग और अभिजीत मुहूर्त में बंद किए जाएंगे। मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन पड़ाव खरसाली के लिए प्रस्थान करेगी।
केदारनाथ के कपाट 27 अक्टूबर को भैयादूज पर्व पर शीतकाल के लिए बन्द कर दिये जायेगें
11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट बन्द होने की तिथि विजयदशमी पर्व पर शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में पंचाग गणना के अनुसार घोषित कर दी गयी है। इस बार भगवान केदारनाथ के कपाट आगामी 27 अक्टूबर को भैयादूज पर्व पर तुला लगन में प्रातः आठ बजे शीतकाल के लिए बन्द कर दिये जायेगें। कपाट बन्द होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली धाम से रवाना होगी और प्रथम रात्रि प्रवास के लिए रामपुर पहुंचेगी और 29 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में विराजमान होगी। बद्रीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर शनिवार को शाम 3 बजकर 35 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद करने की तिथि का ऐलान भी विजयदशमी पर्व पर किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications