Uttarakhand Budget session बजट सत्र को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, भाजपा ने भी किया पलटवार
Uttarakhand Budget session उत्तराखंड का बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक गैरसेंण में आयोजित होगा। जिसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 11 मार्च को सीएम पुष्कर सिंह धामी बजट पेश करेंगे। इससे पहले 9 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट की शुरूआत होगी। लेकिन बजट सत्र के ऐलान होते ही प्रदेश में सियासत गरमा गई है।
कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधानसभा सत्र को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 9 मार्च (सोमवार) को राज्यपाल का अभिभाषण प्रस्तावित है। परंपरागत रूप से सोमवार का दिन मुख्यमंत्री के प्रश्नकाल के लिए निर्धारित माना जाता रहा है।

गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह, वित्त, राजस्व, ऊर्जा, शहरी विकास, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण, परिवहन, उद्योग, श्रम, सूचना प्रौद्योगिकी, आबकारी, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, MSME जैसे अनेक महत्वपूर्ण विभाग हैं। ऐसे में प्रश्नकाल से लगातार अनुपस्थिति लोकतांत्रिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
गोदियाल ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग की है, ताकि प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, चरमराई कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, भर्ती घोटालों और वित्तीय कुप्रबंधन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर समुचित चर्चा हो सके।
वर्तमान सत्र की अवधि इन गंभीर विषयों पर व्यापक बहस के लिए अपर्याप्त प्रतीत होती है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि विधानसभा बहस और संवाद का मंच है, न कि औपचारिकताओं की पूर्ति का स्थल। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे स्वयं प्रश्नकाल में उपस्थित होकर जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों का उत्तर दें और लोकतंत्र की मर्यादा का सम्मान करें।
उधर भाजपा ने कांग्रेसी आरोपों पर पलटवार किया कि सदन में जिनके विधायक दिन में हंगामा और रात सोने का काम करते हों उनकी सत्र की अवधि पर चिंता पाखंड है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विपक्षी आपत्ति पर हैरानी जताई कि सत्र की अवधि को कार्यमंत्रणा समिति, सदन के बिजनेस पर निर्धारित करती है, जिसमें विपक्ष भी शामिल है। साथ ही निशाना साधा कि सार्थक चर्चा के लिए समय से अधिक, मंशा का सही होना अति आवश्यक होता है।












Click it and Unblock the Notifications