उत्तराखंड के 25 साल: 1 से 9 नवंबर तक रजत जयंती समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय दौरा फाइनल
Uttarakhand 25 years Silver Jubilee celebrations: उत्तराखंड के 25 साल पूरे होने पर 1 से 9 नवंबर तक रजत जयंती समारोह मनाया जा रहा है। जिसमें 3 और 4 नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 नवंबर से उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी।
राष्ट्रपति इस दौरान पतंजलि व कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। राष्ट्रपति 2 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी।

आगमन के बाद वह हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। शाम को राष्ट्रपति देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन 3 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। इसी शाम वह नैनीताल के लिए रवाना होंगी और राजभवन नैनीताल में रात्रि प्रवास करेंगी।
4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू कैंची धाम के दर्शन करेंगी और इसके बाद कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित भी करेंगी। दौरे के समापन पर राष्ट्रपति 4 नवंबर की दोपहर को वापस नई दिल्ली लौट जाएंगी। इस प्रकार राष्ट्रपति मुर्मू का यह तीन दिवसीय दौरा उत्तराखंड के कुमाऊँ और गढ़वाल दोनों अंचलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड के रजत जयंती समारोह में शिरकत कर सकते हैं। जो कि 4 नवंबर को उत्तराखंड आ सकते हैं। प्रशासन और पुलिस सुरक्षा को लेकर लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं। उत्तराखंड 9 नवंबर को अपनी स्थापना के 25 साल पूरे करने जा रहा है, ऐसे में राज्य सरकार इसे रजत जयंती के रूप में मनाएगी। इसके लिए 1 नवंबर से 9 नवंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें 3 और 4 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र भी शामिल है। रजत जयंती समारोह में कई खास कार्यक्रम और घोषणाएं संभव है।












Click it and Unblock the Notifications