एसएससी परीक्षा में नकल कराने के लिए यूपी-हरियाणा गिरोह का गैंग, नैनीताल के हल्द्वानी से ऐसे चल रहा था धंधा
उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने की वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जो यूपी और हरियाणा राज्यों से आकर नैनीताल जिले में आगामी परीक्षाओं को लेकर प्लानिंग में जुटे थे।
पुलिस का दावा है कि ये गिरोह इससे पहले भी प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराते थे। आरोपियों से पुलिस ने मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए हैं। साथ ही आरोपियों के मोबाइल से चेट बरामद किए हैं, जिनमें परीक्षाओं को लेकर बातचीत करने का दावा किया गया।

नैनीताल के एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि कार्रवाई में गैंग लीडर समेत 9 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी एक सुनियोजित तरीके से लाखों रुपये लेकर ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने की योजना पर काम कर रहे थे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस को हल्द्वानी शहर के परीक्षा केंद्रों में नकल गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम का गठन किया गया और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
टीम ने एक होटल पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बताया कि गैंग द्वारा 6 अगस्त से होने वाली एसएससी परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को पास कराने की योजना थी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी लाइब्रेरी किराए पर लेकर वहां एनीडेस्क और रिमोट सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षार्थियों को नकल कराने का नेटवर्क चला रहे थे। इस काम के लिए हर अभ्यर्थी से 4 लाख रूपए में सौदा किया जाता था।
गैंग दिसंबर 2024 से हल्द्वानी में ''डिजिटल लाइब्रेरी'' के नाम पर यह अवैध धंधा चला रहा था। जो कि परीक्षा केंद्रों में बैठे सॉल्वरों के माध्यम से दूर बैठकर आईटी एक्सपर्ट्स के जरिये नकल कराते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग लीडर सुनील कुमार और परविंदर कुमार समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा व उत्तराखंड के निवासी युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान राहुल शर्मा, अभिषेक कुमार, विशाल गिरि, आफताब खान, अरुण कुमार, शिव सिंह और जसवीर सिंह के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications