'कांग्रेस को बर्बाद करने के लिए 'भाई-बहन' ही काफी हैं', उत्तराखंड में बोले सीएम योगी
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उत्तराखंड में रैली करने पहुंचे सीएम योगी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
देहरादून, 12 फरवरी: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। 70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 10 मार्च को मतगणना के साथ ही तय हो जाएगा कि अगली सरकार किस पार्टी की बनने जा रही है। इस बीच चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रैली करने उत्तराखंड पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बर्बाद करने के लिए दो भाई-बहन ही काफी हैं।

Recommended Video
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना जरूरी है। जिस उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जाना जाता है, कांग्रेस पार्टी ने उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की। लेकिन, कांग्रेस को खत्म करने के लिए किसी और की जरूरत नहीं है। दो भाई-बहन ही कांग्रेस को बर्बाद करने के लिए काफी हैं। पंजाब में कांग्रेस खत्म हो चुकी है और इस बार उत्तर प्रदेश से भी खत्म हो जाएगी। कांग्रेस ने वादा किया है कि अगर वो सरकार में आए, तो यहां एक मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाएंगे। इस बात से ही उनकी मानसिकता का पता चलता है।'
यूपी में 300 का आंकड़ा पार करेगी भाजपा- योगी आदित्यनाथ
यूपी और उत्तराखंड में भाजपा की जीत का दावा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में भाजपा 2017 जैसी जीत दोहराएगी, इसके संकेत पहले चरण के मतदान में ही मिल गए हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा के प्रति लोगों का जो उत्साह है, उसे देखकर मैं कह सकता हूं कि भाजपा यूपी में 300 से ज्यादा सीटों का आंकड़ा पार करेगी। इसी तरह का उत्साह उत्तराखंड में भी है और भाजपा यहां पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। अगर उत्तराखंड में भाजपा की सरकार नहीं बनी, तो उत्तर प्रदेश से भागे हुए सभी अपराधी यहां शरण लेंगे और प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications