केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 मार्च को उत्तराखंड के हरिद्वार दौरे पर, जानिए क्या है तैयारियां, क्यों है खास
Union Home Minister Amit Shah केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर सरकार की और से तैयारियां तेज हो गई हैं। बतौर सीएम धामी के कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों और 2027 में होने वाले अर्धकुंभ की तैयारियों की भी अमित शाह समीक्षा करेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मानीटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही यह निर्देश भी दिए कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं तथा विभागीय समन्वय से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में कोई कमी न रहे। साल 2027 में हरिद्वार में बड़े अर्धकुंभ का आयोजन होना है। उस की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार पहुंचेंगे। इसके लिए भी प्रशासन और शासन स्तर पर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी 2027 अर्धकुंभ के लिए केंद्र सरकार द्वारा एक बड़े तोहफ़े के रुप में 500 करोड़ की धनराशि उत्तराखंड को दी गई है, जिसके लिए वह केंद्र का आभार व्यक्त करते हैं। धामी ने बताया कि उत्तराखंड दौरे के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 की तैयारयों की जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 कुंभ दिव्य और भव्य होगा।उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं, ऐसे में अमित शाह का ये दौरा संगठन के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications