UKSSSC पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद तीन भर्तियां रद्द, एलटी भर्ती को क्लीनचिट
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने स्नातक स्तरीय, वन दरोगा, सचिवालय रक्षक पदों की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया है। आयोग ने विधिक राय लेकर एलटी भर्ती को क्लीन चिट दी है।

उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद से विवादों में घिरा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए तीन भर्तियों को रद्द कर दिया है। तीन भर्तियों स्नातक स्तरीय परीक्षा, वन दरोगा और सचिवालय रक्षक भर्ती को रद्द कर दिया है। अब इन भर्तियों 1282 पदों की मार्च 2023 में दोबारा से लिखित परीक्षा होगी। इसमें पूर्व में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। नए अभ्यर्थियों को आवेदन करने का मौका नहीं मिलेगा। आयोग ने सात भर्तियों पर शासन से विधिक राय मांगी है। अनुमति मिलने के बाद आयोग इन भर्तियों पर फैसला लेगा।
चार सौ से अधिक अभ्यर्थियों को भर्तियों में प्रतिबंधित किया जाएगा
पेपर लीक में लगभग चार सौ से अधिक अभ्यर्थियों को आयोग की भर्तियों में प्रतिबंधित किया जाएगा। सात अन्य भर्तियों पर आयोग ने शासन से विधिक राय मांगी है। इसके अलावा विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक अध्यापक एलटी भर्ती को क्लीनचिट दे दी है। नौ जनवरी 2023 से लिखित परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज का सत्यापन शुरू किया जाएगा।
Recommended Video
एलटी समेत आठ भर्तियों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की थी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि भर्तियों की जांच के लिए गठित एसटीएफ ने पाया कि परीक्षा से पहले पेपर लीक कर अभ्यर्थियों को नकल कराई गई। इस पर आयोग ने स्नातक स्तरीय, वन दरोगा, सचिवालय रक्षक पदों की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया है। आयोग ने एलटी समेत आठ भर्तियों की जांच के लिए पूर्व आईएएस एसएस रावत की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट सौंपने के बाद आयोग ने विधिक राय लेकर एलटी भर्ती को क्लीन चिट दी है।
स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में 131 अभ्यर्थी पेपर लीक व नकल में संलिप्त पाए गए
आयोग के मुताबिक स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में 131 अभ्यर्थी पेपर लीक व नकल में संलिप्त पाए गए। जबकि 80 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनका पता गलत है। इसी तरह वन दरोगा भर्ती में लगभग 150 अभ्यर्थियों की प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्तता का अनुमान है। इसकी जांच चल रही है। सचिवालय रक्षक भर्ती में 12 अभ्यर्थी नकल में संलिप्त मिले, जबकि 20 अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है। चार भर्तियों का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने एलटी, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, पुलिस रैंकर्स, वाहन चालक, कर्मशाला अनुदेशक, मत्स्य निरीक्षक, मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार भर्तियों का परीक्षण कराया था। जांच के बाद समिति ने आयोग को रिपोर्ट सौंपी थी। एलटी भर्ती परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिलने पर आयोग क्लीनचिट देकर नौ जनवरी 2023 से मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने की अधिसूचना जारी कर चुका है।
आयोग ने इन भर्तियों पर शासन से विधिक राय मांगी
पेपर लीक मामले की जांच एसटीएफ को सौंपने के साथ ही सरकार ने एक्ट में संशोधन कर यूकेएसएसएससी की 23 भर्तियों को लोक सेवा आयोग को सौंप दी थी। इनमें सात भर्तियां कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, पुलिस रैंकर्स, वाहन चालक, कर्मशाला अनुदेशक, मत्स्य निरीक्षक, मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार भर्ती भी शामिल हैं। आयोग ने इन भर्तियों पर शासन से विधिक राय मांगी है। अनुमति मिलने के बाद आयोग इन भर्तियों पर फैसला लेगा।












Click it and Unblock the Notifications