UK NEWS: जानिए कौन हैं उत्तराखंड की कविता चंद, अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी फतह कर बनाया नया रिकॉर्ड
UK NEWS उत्तराखंड की कविता चंद ने कीर्तिमान बनाकर इतिहास रच दिया है। कविता ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी फतह कर नया रिकॉर्ड बनाया है। मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली कविता अब मुंबई में रह रहीं हैं। कविता ने 14 दिसंबर 2025 को शिखर पर पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की।
उत्तराखंड के धारा नौला, अल्मोड़ा की कविता चंद (40) ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन (4,892 मीटर) पर चढ़ाई कर कीर्तिमान बनाया। माउंट विंसन पर चढ़ाई कविता के प्रतिष्ठित 'सेवन समिट्स' लक्ष्य की दिशा में अहम कदम है, दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया जाता है।

UK NEWS माउंट एल्ब्रस पर भी चढ़ाई कर चुकी
इससे पहले वह यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं। दुनिया की सबसे कठोर और चुनौतीपूर्ण चोटियों में गिने जाने वाले माउंट विंसन पर अत्यधिक ठंड, पूर्ण एकांत और अंटार्कटिका के अप्रत्याशित मौसम जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
3 दिसंबर को अभियान शुरू हुआ
कविता का यह अभियान 3 दिसंबर को भारत से रवाना होने के साथ शुरू हुआ। वह 4 दिसंबर की शाम चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं और 7 दिसंबर की दोपहर यूनियन ग्लेशियर के लिए उड़ान भरी। उसी दिन बाद में वह लगभग 2,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विंसन बेस कैंप पहुंचीं। यूनियन ग्लेशियर से बेस कैंप तक का अंतिम सफर स्की-सुसज्जित छोटे विमान से लगभग 40 मिनट में पूरा किया गया।
नौ सदस्यीय भारतीय टीम
इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध हाई-एल्टीट्यूड गाइड मिंग्मा डेविड शेरपा ने किया। भारतीय दल को अनुभवी पर्वतारोही भरत थम्मिनेनी और उनकी एक्सपेडिशन कंपनी 'बूट्स एंड क्रैम्पन' का सहयोग प्राप्त रहा। उनके मार्गदर्शन में नौ सदस्यीय भारतीय टीम ने शिखर तक सफलतापूर्वक पहुंच बनाई।
2024 में पर्वतारोहण अपनाया
पूर्व में मीडिया क्षेत्र से जुड़ी रहीं कविता ने 2024 में अपने कॉरपोरेट करियर से हटकर पूरी तरह फिटनेस को समर्पित होने का निर्णायक कदम उठाया, उन्होंने 2017 में दौड़ना शुरू किया और 2024 में पर्वतारोहण अपनाया। कविता के पति दीपक चंद ठाकुर, जो एनपीएसटी (NPST) के सीईओ और सह-संस्थापक हैं, उनके पूरे सफर में निरंतर सहयोग और समर्थन का मजबूत स्तंभ रहे हैं।
पर्वतारोहण के अलावा कविता ने एंड्योरेंस रनिंग के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वह एक समर्पित मैराथन धावक हैं और अपनी आयु वर्ग में दिल्ली और मुंबई हाइरॉक्स 2025 प्रतियोगिताओं की विजेता रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह प्रतिष्ठित एबॉट वर्ल्ड मैराथन मेजर्स सिक्स स्टार चैलेंज की छह में से तीन मैराथन पूरी कर चुकी हैं।
अपनी इस उपलब्धि पर कविता चंद ने कहा, "माउंट विंसन के शिखर पर भारतीय तिरंगा फहराना शब्दों से परे एक सम्मान है। मैं उम्मीद करती हूं कि यह उपलब्धि पेशेवरों को यह विश्वास दिलाएगी कि फिटनेस, महत्वाकांक्षा और करियर की सफलता एक साथ आगे बढ़ सकती हैं।"












Click it and Unblock the Notifications