UK Khel Mahakumbh 23 दिसंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी, 5 लाख रुपए तक जीतने का मौका, जानिए कैसे
UK Khel Mahakumbh उत्तराखंड में 23 दिसंबर 2025 से खेल महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। जो कि इस बार मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के नाम से आयोजित होगा। मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक चार चरणों में आयोजित होगी, जिसमें कुल 26 खेलों की प्रतिस्पर्धाएं होंगी।
इस बार पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया गया है, ताकि हर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सके। मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी विजेता को ₹5 लाख की धनराशि, सांसद ट्रॉफी को ₹2 लाख तथा विधानसभा ट्रॉफी को ₹1 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।

साथ ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ी को ₹1 लाख की विशेष इनाम राशि भी दी जाएगी। खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि खेल महाकुंभ का नया अध्याय मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में 23 दिसंबर 2025 से आरंभ होने जा रहा है।
राज्यभर से अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जो हमारे युवा उत्साह और खेलप्रेम का प्रमाण है। रजिस्ट्रेशन 22 दिसंबर तक खुले हैं - हर खिलाड़ी से आग्रह है कि वे समय पर जुड़ें और इस खेल पर्व का हिस्सा बनें।
प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रेखा आर्य ने कहा कि सभी जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी खिलाड़ी के पास जूते और ट्रैकसूट की कमी न हो, शीत ऋतु से सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था हो, स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों और खिलाड़ियों के ठहरने-भोजन की उचित सुविधा की जाए।
खेल मंत्री ने इस प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह चार अलग-अलग स्तर पर आयोजित की जाएगी। पहला स्तर न्याय पंचायत, दूसरा विधानसभा तीसरा संसदीय क्षेत्र और चौथ स्तर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस प्रतियोगिता में ट्रेडिशनल और पारंपरिक खेल विधाओं पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। चार अलग-अलग चरणों में होने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल और समापन 28 जनवरी को होगा।












Click it and Unblock the Notifications