Tilak Raj Behar के बेटे पर जानलेवा हमले को लेकर बड़ा खुलासा, MLA को मांगनी पड़ी सार्वजनिक माफी, जानिए क्यों
Tilak Raj Behar उत्तराखंड के किच्छा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ ने बेटे सौरभ राज बेहड़ पर हुए जानलेवा हमले की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने खुद सामने आकर कहा कि उनके बेटे सौरभ ने खुद पर हमला करवाया था। जिसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रुप से माफी मांगी।
बेहड़ ने जनता, पुलिस और सरकार सभी का धन्यवाद भी किया। इस दौरान बेहड़ काफी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि वह आज से अपने बेटे के साथ सभी तरह के संबंध खत्म करते हैं। तिलक राज बेहड़ ने बेटे सौरभ राज बेहड़ के खुद पर हमला कराने की बात स्वीकार की है।

इस खुलासे के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने दावा किया कि सौरभ ने अपनी पत्नी से अलगाव के चलते लोगों की सहानुभूति हासिल करने के लिए यह पूरी घटना रची थी। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पहले से ही उनसे अलग रहता है। साथ ही वे अपने बेटे को सबकुछ हिस्सा और अधिकार दे चुके हैं। उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं लगी कि उनका बेटा इस तरह की हरकत भी कर सकता है।
बेहड़ ने बताया कि बेटे ने अपने दोस्त इंदर के साथ मिलकर खुद पर हमला कराया। बेहड़ ने कहा कि इस घटना के बाद भाजपा, कांग्रेस समेत कई दलों के नेताओं ने उनसे अपनी सहानुभूति व्यक्त की थी। सबने उनके साथ इस घटना में काफी मदद की। पुलिस ने भी दिन रात एक कर सच्चाई सामने लाने की कोशिश की। लेकिन जब उन्हें सच पता चला तो वे काफी निराश हुए। अपनी बात रखते हुए बेहड भावुक हो गए और अपने बेटे से संबंध तोड़ने का ऐलान कर दिया।
बता दें कि बीते रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे सौरभ बेहड़ पर जानलेवा हमला होने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि नकाबपोश तीन बदमाशों ने सौरभ पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। इस घटना के बाद से विपक्षी कांग्रेस समेत कई दलों ने पुलिस और सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े किए थे। जिसके बाद से सियासत भी गरमा गई।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधायक को फोन कर घटना को लेकर जानकारी मांगी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद दो से तीन दिन तक काफी बवाल हुआ। विधायक ने आरोपियों को न पकड़े जाने तक पुलिस अधिकारियों पर गुस्सा जाहिर किया साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन अब सच सामने आते ही विधायक को सबसे सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications