चारधाम यात्रा पर पड़ेगा महंगाई का डबल डोज, जानिए कितना बढ़ सकता है यात्री किराया
परिवहन कम्पनियों की प्रति किमी एक रुपया किराया बढ़ाने की मांग
देहरादून, 21 अप्रैल। चारधाम यात्रा को लेकर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ने जा रही है। यात्रा से पहले किराया बढ़ने जा रहा है। परिवहन कम्पनियां सरकार से प्रति किमी एक रुपया किराया बढ़ाने की मांग कर रही है। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने परिवहन आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन मंत्री ने ट्रांसपोर्टरों और परिवहन विभाग की बैठक ली। एसटीए की बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा। हालांकि मंत्री ने कहा कि वे किसी तरह यात्रियों पर बोझ नहीं डालना चाहते हैं।

मंत्री बोले, यात्री पर नहीं डालना चाहते हैं बोझ
पेट्रोल, डीजल में हुई बढोत्तरी का असर अब चारधाम यात्रा पर भी नजर आने वाला है। परिवहन कम्पनियां सरकार से प्रति किमी एक रुपया किराया बढ़ाने की मांग कर रही है। परिवहन मंत्री चंदनराम दास ने कहा कि सरकार किराया बढ़ाने को लेकर बीच का रास्ता निकालेगी, ताकि यात्रियों पर भी बोझ न पड़े। लेकिन बसों का किराया बढ़ते ही सभी प्राइवेट यूनियन भी रेट बढ़ाएंगे ये तय माना जा रहा है। परिवहन व्यवसायियों की मांग के अनुरूप पुराने वाहनों के लिए जीपीएस की अनिवार्यता खत्म करने की घोषणा की, हालांकि नए वाहनो का पंजीकरण जीपीएस के साथ ही होगा। साथ ही कहा कि दो माह के लिए बनने वाले ग्रीन कार्ड को नवंबर तक के लिए मान्यता दी जाएगी। इससे परिवहन कारोबारियों को राहत मिलेगी।
वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण जारी
3 मई से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इसके लिए बुकिंग चालू है। चारधाम यात्रा के लिए टैक्सी, कार, बस की बुकिंग की जा रही है। फिलहाल प्राइवेट टैक्सी और कार की 3500 से 7 हजार पर डे की बुकिंग बताई जा रही है। अगर रेट बढ़े तो हर तरफ इसका असर पड़ेगा। यात्रा के लिए पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। अब तक 40 हजार से अधिक यात्री पंजीकरण कर चुके हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस साल पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की है। 3 मई को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इसी के साथ चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। 6 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने हैं। जबकि 8 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट विधि विधान से खुलेंगे।
रोडवेज बसों में म्यूजिक सिस्टम पर सख्त रोक
उत्तराखंड परिवहन निगम ने रोडवेज बसों में म्यूजिक सिस्टम पर सख्त रोक लगा दी है। इस संबंध में निगम मुख्यालय ने सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों, मंडल प्रबंधकों को पत्र भेजा है। किसी भी बस में म्यूजिक सिस्टम लगा पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन निगम की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, रोडवेज बसों में म्यूजिक सिस्टम लगा होने की वजह से यात्रियों को बस से उतरते समय बस रुकवाने के लिए काफी परेशानी होती है। ड्राइवर और कंडक्टर को यात्रियों का अनुरोध सुनाई ही नहीं देता। यात्रा के दौरान यात्री को मोबाइल के इस्तेमाल में भी परेशानी पेश आती है। निगम ने यह भी माना है कि म्यूजिक सिस्टम लगा होने से ड्राइवर-कंडक्टरों का ध्यान यात्रियों को बैठाने पर कम रहता है। म्यूजिक सिस्टम या ईयर फोन से म्यूजिक सुनने पर सख्त रोक लगाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications