तो अब भाजपा, कांग्रेस से निकली आगे, 20 को भाजपा तो 21 को कांग्रेस की पहली लिस्ट हो सकती है जारी
देहरादून, 19 जनवरी। उत्तराखंड में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जो कि 21 जनवरी से प्रारम्भ हो जाएगी। लेकिन अब तक भाजपा या कांग्रेस में कोई भी दल प्रत्याशियों के नाम पर मुहर नहीं लगा पाए हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल कई दिनों से दिल्ली में माथापच्ची करने में जुटे हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि भाजपा की पहली लिस्ट गुरूवार को जबकि कांग्रेस की शुक्रवार को सामने आ सकती है। भाजपा की पहली लिस्ट में 30 से 40 नाम हो सकते हैं। जबकि कांग्रेस की पहली लिस्ट में 50 नाम हो सकते हैं। ऐसे में अब टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा कांग्रेस से आगे नजर आ रही है।

कांग्रेसी दिग्गज एक हफ्ते से दिल्ली में
उत्तराखंड में हरक सिंह के प्रकरण ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के टिकट बंटवारे पर ब्रेक लगा दिया है। कांग्रेस के सीनियर नेता एक हफ्ते से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। लेकिन अब तक प्रत्याशियों के नाम पर मुहर नहीं लगा पाए हैं। इसके पीछे की बड़ी वजह हरक सिंह की एंट्री का पेंच माना जा रहा है। कांग्रेसी सूत्रों का दावा है कि अब शुक्रवार को ही कांग्रेस की पहली लिस्ट सामने आएगी। दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान अब शुक्रवार को ही बैठने जा रही है। जिसके बाद कांग्रेस की पहली सूची पर मुहर लगेगी। हालांकि कांग्रेस ने 50 नामों पर मंथन कर लिया है,जिनको लेकर किसी भी तरह की मतभेद नहीं है। कांग्रेस के लिए नई चुनौती अब हरक सिंह के बाद कांग्रेस में बदलने वाले समीकरणों पर है। हरक सिंह की एंट्री के बाद ही कांग्रेस नए तरीके से विचार कर सकती है। हालांकि हरक सिंह प्रकरण को लेकर गुरूवार को फैसला आ सकता है। जिसमें हरक की बहू को टिकट देकर कांग्रेस इस प्रकरण पर विराम लगाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस हाईकमान परिवारवाद पर भी फैसला लेगी। जिसको मिलाकर 20 सीटों पर हाईकमान अपना निर्णय देगी।
भाजपा में बदले समीकरण, कल आएगी पहली सूची
सत्ताधारी भाजपा के लिए बुधवार को नई मुश्किल खड़ी हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के चुनाव न लड़ने के ऐलान के बाद भाजपा हाईकमान अब त्रिवेंद्र सिंह रावत के उत्तराधिकारी पर भी विचार करेगी। त्रिवेंद्र रावत के डोईवाला से हटने के बाद आसपास की 3 सीटों पर भी असर पड़ना तय है। डोईवाला, ऋषिकेश, नरेंद्रनगर सीटों पर अब नए समीकरण बनते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा के सूत्रों का दावा है कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत सभी प्रभारियों ने 50 से ज्यादा नामों पर सहमति बना ली है। हरक सिंह के बर्खास्त होने और त्रिवेंद्र रावत के चुनाव न लड़ने के ऐलान के बाद अब भाजपा को करीब 20 सीटों पर माथापच्ची करनी पड़ सकती है, जिसके लिए भाजपा कांग्रेस की पहली सूची आने का इंतजार कर सकती है। भाजपा की पहली सूची गुरूवार को आ सकती है। जबकि कांग्रेस की शुक्रवार को आने की उम्मीद लगाई जा रही है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- नोटिफिकेशन जारी होगा- 21 जनवरी
- नामांकन की अंतिम तारीख- 28 जनवरी
- नामांकन पत्रों की जांच-29 जनवरी
- उम्मीदवारी का नामांकन वापस लेने की तारीख- 31 जनवरी
- मतदान की तारीख- 14 फरवरी
- मतगणना- 10 मार्च