रामलीला छोड़ थाने पहुंचे राम, लक्ष्मण, सीता, ऋषिकेश के कलाकारों के विरोध की क्यों हो रही चर्चा
नवरात्रों में जगह जगह रामलीला का मंचन हो रहा है। इस बीच ऋषिकेश की एक तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है। यहां रामलीला के कलाकार मंचन छोड़ कोतवाली पहुंच गए। दिलचस्प बात ये है कि सारे कलाकार अपने पात्र की पोशाक में नजर आए।
प्रदर्शनकारियों में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और सीता समेत हनुमान के पात्र अपनी वेशभूषा में विरोध प्रदर्शन करने के लिए थाने में इकट्ठा हो गए। जिसने भी देखा आश्चर्यचकित हो गया। सबने इसकी वजह जाननी चाही। बताया गया कि कलाकार रामलीला कमेटी पर मुकदमें दर्ज होने से नाराज हैं।

ऐसे में विरोध का अनोखा तरीका अपनाया गया। जिसके बाद रामलीला के कलाकार अपनी वेश भूषा में ही थाने पहुंच गए। ऋषिकेश में 70 वर्ष पुरानी सुभाष बनखंडी श्री राम लीला कमेटी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की लीला के मंचन करने को लेकर मुकदमों के चलते रामलीला के सभी पात्रों ने रामलीला की वेशभूषा में कमेटी के पदाधिकारियों सहित ऋषिकेश कोतवाली में प्रदर्शन करते हुए अपनी गिरफ्तारी की मांग की।
सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी के कलाकारों और पदाधिकारियों पर हुए मकदमों के खिलाफ रामलीला के राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीता हनुमान और रावण सहित सभी पात्र रामलीला की वेशभूषा में सज धज कर ऋषिकेश कोतवाली जा पहुंचे। कमेटी की तरफ से प्रस्तावित रामलीला करने, मंगलवार को राम बरात निकालने, दशहरे के दिन रावण दहन करने के लिए जाने की परमिशन ना मिलने और आए दिन होने वाले मुकदमों से परेशान होकर अपनी गिरफ्तारी देने ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे थे।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि 70 साल पुरानी परंपरा को रोकने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से दखल की मांग की है और साफ कहा है कि अगर अनुमति नहीं मिली तो आंदोलन और बड़ा होगा। कलाकारों का ये विरोध का तरीका हर जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications