Uttarakhand: BJP के कार्यकर्ताओं का इंतजार हुआ लंबा, दायित्व मिलने की उम्मीदों पर फंसा ये पेंच
भाजपा संगठन को दायित्वधारियों की लिस्ट फाइनल करने के लिए हाईकमान की हरी झंडी नहीं मिल रही है। अब प्रदेश नेतृत्व प्रदेश प्रभारी के साथ मिलकर लिस्ट फाइनल करेगा। जो कि अब नए साल में ही संभव है।

उत्तराखंड की भाजपा सरकार में लंबे समय से दायित्व बंटने की उम्मीद लगाए कार्यकर्ताओं को एक बार फिर नए साल का इंतजार करना पड़ सकता है। भाजपा संगठन को दायित्वधारियों की लिस्ट फाइनल करने के लिए हाईकमान की हरी झंडी भी नहीं मिल रही है। अब प्रदेश नेतृत्व प्रदेश प्रभारी के साथ मिलकर लिस्ट फाइनल करेगा। जो कि अब नए साल में ही संभव है।
अब तीसरी बैठक में लिस्ट फाइनल होगी
2017 में प्रचंड बहुमत की सरकार हो या इस बार सभी मिथक तोड़कर दोबारा सरकार बनाना हो। भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलने वाला ईनाम लंबे समय से लटकता जा रहा है। पहले कार्यकाल में भी भाजपा के कार्यकर्ताओं को इसी तरह इंतजार कराया गया। इस बार उम्मीद जताई गई कि धामी सरकार समय रहते अपने कुछ सीनियर कार्यकर्ताओं को उनके कद के हिसाब से दायित्वों का बंटवारा कर देगी। लेकिन ये इंतजार लंबा होता जा रहा है। बीते कुछ समय से दायित्व को लेकर भाजपा संगठन के अंदर इस बात को लेकर खींचतान भी देखी गई। नए साल से पहले कार्यकर्ताओं को तोहफा देने की बात सामने आई। लेकिन फिलहाल अभी ये मामला फिलहाल ठंडा पड़ा है ।बीच में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान से सियासी पारा जरूर चढ़ा। लेकिन इसको लेकर किसी तरह की कोई खास तेजी नजर नहीं आई। खबर है कि पार्टी के अंदर दायित्व को लेकर दो बार बैठकें हो चुकी है। अब तीसरी बैठक प्रदेश प्रभारी के साथ होगी। जिसमें लिस्ट फाइनल होगी।
Recommended Video
लिस्ट नए साल में सामने आ सकती है
भाजपा संगठन में बीते दिनों पूर्व सीएम समेत कई बार पार्टी के दिग्गज नेताओं के बयानबाजी से अपनी ही सरकार को मुश्किल में डालने का काम किया। जिसके पीछे अपनों को सरकार में जिम्मेदारी मिलने से जोड़ा गया। इस बीच पार्टी के नेताओं की सरकार से नाराजगी और अपने चेहेतों को फिट करने की बात भी अंदरखाने होती रही। दावा किया गया कि हाईकमान ने प्रदेश संगठन की मांग पर बीच का फॉर्मला तैयार किया है। जिसके तहत पार्टी के सीनियर कर्मठ नेताओं को दायित्वधारी बनाकर सरकार में विभिन्न निगमों, बोर्डों में एडजस्ट करने पर विचार किया गया। तब दिसंबर अंत तक सीएम धामी की और से लिस्ट जारी करने की बात सामने आई। प्रदेश संगठन की और से 50 से ज्यादा नाम सौंपे गए। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी इस बात के संकेत दिए। इनमें वे नाम भी शामिल बताए गए जिनके विधानसभा चुनाव में टिकट काटे गए थे। भाजपा की इसके पीछे रणनीति निकाय चुनावों और लोकसभा चुनावों तक पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखनी है। अब भाजपा सूत्र दावा कर रहे हैं कि जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की प्रदेश प्रभारी के साथ दायित्व को लेकर बैठक होनी है। जिसमें लिस्ट फाइनल होगी। ये लिस्ट नए साल में सामने आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications