सिगरेट के रुपए मांगना व्यापारी को पड़ा भारी, बाजपुर कोतवाली के कांस्टेबल ने चढ़ा दी कार, मौत
Uttarakhand News, बाजपुर। खबर उत्तराखंड के बाजपुर से है, यहां एक पुलिस कांस्टेबल से सिगरेट के रुपए मांगना खोका कारोबारी को भारी पड़ गया। गुस्साए कांस्टेबल ने पहले तो अपने साथियों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। फिर पुलिस कांस्टेबल ने खोखा स्वामी गौरव रूहेला के ऊपर पीछे से कार चढ़ाकर कुचल दिया और मौत के घाट उतार दिया। गौरव रूहेला के दो चचेरे भाई और उनका दोस्त घायल हो गया। पुलिस वाले के इस क्रूर कृत्य से आक्रोशित लोगों ने रात में ही कोतवाली परिसर में शव रखकर हंगामा किया। तो वहीं, आला अफसरों के निर्देश पर मृतक के भाई की तहरीर पर कांस्टेबल सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही नाइट अफसर बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी अनिल जोशी को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है।

वहीं, घटना की गंभीरता को देखते कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी अजय रौतेला, एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौरव रुहेला (25) की हल्द्वानी बस अड्डा के पास पान का खोखा है। जानकारी के मुताबिक, 30 दिसंबर, 2020 की रात करीब 11 बजे गौरव रूहेला अपनी दुकान का सामान अंदर रख रहा था। तभी बाजपुर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसका साला जीवन और साथी गौरव राठौर पान के खोखे पर आए। कांस्टेबल प्रवीन ने सिगरेट लेकर रुपए नहीं दिए।
आरोप है कि सिगरेट के रुपए मांगने पर कार सवार कांस्टेबल और उसके साथियों ने गालीगलौज और मारपीट कर धमकी दी, जिस पर हंगामा हो गया। गुस्से में कार सवार कांस्टेबल ने खोखा स्वामी गौरव रूहेला के ऊपर पीछे से कार चढ़ा दी। घटना में गौरव के अलावा उसके चचेरे भाई विशाल रूहेला, शिभम रूहेला और साथी अजय यादव घायल हो गए। आरोपी कांस्टेबल कार को बैक कर अपने साले और साथी के साथ मौके से फरार हो गया। वहीं, इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल गौरव और विशाल को रेफर कर दिया।
उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों से गौरव को मृत घोषित कर दिया। जबकि विशाल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, इस घटना से गुस्साए परिजन शव लेकर सीधे कोतवाली पहुंच गए। यहां शव को कोतवाली परिसर में रखकर परिजनों और लोगों ने खूब हंगामा किया। इस बीच लोगों की एएसपी राजेश भट्ट से तीखी नोकझोंक भी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी (कुमाऊं) अजय रौतेला रात में ही मौके पर पहुंच गए। आला अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने मृतक के भाई अजय रूहेला की तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसके साले जीवन और साथी गौरव राठौर के विरुद्ध धारा 302, 504 व 506 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच काशीपुर कोतवाल संजय पाठक को सौंपी।
एसएसपी डीएस कुंवर ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल प्रवीन, उसके साले जीवन और गौरव राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। लापरवाही बरतने पर नाइट अफसर बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल जोशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सिपाही प्रवीन कुमार ने जानबूझकर और बेरहमी से गाड़ी चढ़ाई है, जो जघन्य अपराध है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications