Uttarakhand news: धराली आपदा पीड़ितों के आंसू देखकर PM मोदी भी हुए भावुक, ग्राम प्रधान ने बताया क्या हुई बात
Uttarakhand news: धराली में आई आपदा ने पूरा गांव तबाह कर दिया। आपदा में 30 से 40 परिवार और 60 से 70 होटल व्यापारियों ने सब कुछ खो दिया। अब सबको राज्य और केंद्र सरकार से मदद की उम्मीद है। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड में आई आपदा से नुकसान को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की।
इस दौरान पीएम ने आपदा प्रभावितों से मुलाकात भी की। जिसमें धराली गांव के ग्राम प्रधान अजय नेगी, बीडीसी प्रतिनिधि सुशील पंवार, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुनीता देवी, और कामेश्वरी देवी शामिल थे। ग्राम प्रधान अजय नेगी ने वन इंडिया को बताया कि पीएम मोदी आपदा प्रभावितों से मिलकर खुद भावुक नजर आए।

अजय नेगी के अनुसार पीएम ने सभी से हालचाल जाना और उनके दुख दर्द को बांटने की कोशिश की। अजय ने बताया कि उन्होंने मोदी से धराली में आई आपदा के मंजर को बयां किया तो पीएम भी भावुक हो गए। इस आपदा में प्रधान ने भी अपने चचेरे भाइयों को खोया है। कामेश्वरी देवी ने अपने जवान बेटे को खोया और उनका रोजगार का जरिया होटल जमींदोज हो गया।
वो पीएम से बात करते करते रो पड़ी। धराली से आए ग्रामीणों ने आपदा में कुछ न कुछ खोया है। अब ग्रामीणों ने पीएम से गांव को पुर्ननिर्माण करने की मांग की है। प्रधान अजय नेगी का कहना है कि हमारा सब कुछ इसी जगह पर है, इसे छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। कुछ लोगों का पुर्नविस्थापन होना है, लेकिन गांव के लोग पुर्ननिर्माण की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार से मांग करते हैं कि 1200 करोड़ रुपए जो केंद्र से आर्थिक मदद मिल रही है, उसका अधिकांश हिस्सा धराली गांव में ही खर्च हो। प्रधान ने कहा कि सबसे ज्यादा नुकसान धराली का ही हुआ है। प्रधान अजय नेगी ने बताया कि पीएम मोदी से किसान क्रेडिट लोन को लेकर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है, जिससे किसानों को कुछ राहत मिल सके। पीएम ने भी इस पर चर्चा कर निर्णय लेने की बात की है। उन्होंने कहा कि किसानों का ऋण माफ कर रोजगार को लेकर कुछ योजना तैयार करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications