'अपहरण नहीं घूमने निकले...' नैनीताल पंचायत चुनाव में मतदान के दिन लापता हुए मेंबर्स का Viral video, मचा बवाल
Nainital news: उत्तराखंड में जिला पंचायतों के अध्यक्ष के चुनाव सम्पन्न हो गए हैं। नैनीताल जिले का परिणाम 18 अगस्त को सामने आएगा। उससे पहले एक नया सियासी घटनाक्रम सामने आने से सियासत फिर गरमा गई है। मतदान के दिन गायब हुए पांच जिला पंचायत सदस्यों का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है।
जिसमें उन्होंने चौंकाने वाला दावा किया है। सदस्यों का दावा है कि उनका अपहरण नहीं हुआ, वे घूमने आए हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद एक नया सियासी बवाल शुरू हो गया है। बता दें कि बीते 14 अगस्त को नैनीताल जिला पंचायत चुनाव मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ।

उस दिन कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उनके समर्थित पांच जिला पंचायत सदस्यों को बीजेपी ने अपहरण किया है। इसके बाद बीजेपी की ओर से भी ऐसा ही आरोप कांग्रेस पर लगाया गया था। जिसके बाद लापता सदस्यों ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में सभी पांच सदस्य नजर आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मीडिया और सोशल मीडिया से उनके अपहरण की जानकारी मिली है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। उनका अपहरण नहीं हुआ है। वो सभी अपनी मर्जी से घूमने के लिए निकले हैं। किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वो जहां हैं, सुरक्षित हैं। जल्द ही सभी के सामने आएंगे।
बताते चलें कि चुनाव के दिन बवाल के बाद मामला नैनीताल हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने चुनाव को स्थगित करने का आदेश दिया था, इस बीच बंद लिफाफे में चुनाव और मतगणना को संभाल लिया गया है। अब सोमवार 18 अगस्त को इस पूरे मामले में हाईकोर्ट फिर सुनवाई करेगा। इन सबके बीच लापता सदस्यों ने वीडियो जारी कर नया सस्पेंस ला दिया है।
उत्तराखंड में हरिद्वार जिले को छोड़कर 12 जिलों में पंचायत चुनाव कराए गए। 12 जिलों में से 11 जिलों के जिला पंचायत अध्यक्ष के परिणाम आ चुके हैं। जबकि नैनीताल जिले का परिणाम हाईकोर्ट के आदेश के बाद रोका गया है। जो कि 18 अगस्त को सामने आएगा। ऐसे में इस बीच चुनाव के दिन लापता हुए मेंबर्स का फिल्मी अंदाज में सामने आने से नया सस्पेंस खड़ा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications