Panchayat elections 2025: कल आएंगे परिणाम, तैयारियां पूरी, वेबसाइट पर भी दिखेंगे रिजल्ट, जानिए कब
Panchayat elections 2025: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हुए मतदान का परिणाम कल बृहस्पतिवार को घोषित किए जाएंगे। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन से लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। रिजल्ट घोषित होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी अपलोड किए जाएंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 10,915 पदों के लिए मतगणना का कार्य 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। मतगणना कार्य में 15,024 कार्मिक लगाए गए हैं। पंचायत चुनाव में कुल 34,151 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि सुरक्षा व्यवस्था में 8,926 जवानों की तैनाती की गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतगणना का कार्य भी पूरी पारदर्शिता से कराया जाएगा। इसके लिए, सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल के अनुसार-हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों दो चरणों में हुए मतदान का प्रतिशत 69.16 रहा है। इसमें 64.23 प्रतिशत पुरूष और 74.42 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल रहे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 24 जुलाई और 28 जुलाई को मतदान कराया गया।
आयोग के सचिव ने बताया कि मतगणना के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। मतगणना की निगरानी प्रेक्षकों एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मतगणना केंद्रों पर आवश्यक बैरिकैटिंग कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि रिटर्निंग आफिसर के स्तर पर चुनाव परिणाम की घोषणा हो जाने के बाद आयोग की वेबसाइट https://sec.uk.gov.in/ पर इन्हें प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलों को भेजे लिखित निर्देश में उम्मीदवारों के समर्थन में निकलने वाले जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कहा है। जिलों को भेजे पत्र में आयोग ने कहा है कि मतगणना स्थल पर वरिष्ठ व अनुभवी अधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया जाएगा। मतगणना केंद्र पर एक पुलिस क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष की ड्यूूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications