Pahalgam Terror Attack आतंकी हमले के बाद से हाई अलर्ट पर उत्तराखंड, SSP समेत अधिकारियों ने ऐसा संभाला मोर्चा
Pahalgam Terror Attack जम्मू कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले के बाद से उत्तराखंड हाई अलर्ट पर है। इस बीच देर रात से ही देहरादून को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी के निर्देश के बाद देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिले की सीमाओं व आंतरिक मार्गो पर पुलिस द्वारा प्रत्येक वाहन/ व्यक्ति की चेकिंग की जा रही है। एसएसपी देहरादून व अन्य अधिकारियों द्वारा देर रात में स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर पुलिस चेकिंग कर जायजा लिया गया। कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले के चलते पुलिस महानिदेशक द्वारा एसएसपी देहरादून को पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गये है।

जिसके बाद से कप्तान और सभी अधिकारी शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वयं मौजूद रहकर प्रत्येक वाहन/ व्यक्ति की सघन चेकिंग कराई जा रही है। इसके अलावा विकासनगर, ऋषिकेश में भी अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस बॉर्डर क्षेत्रों में खास सुरक्षा एहतियात बरत रही है। मंगलवार रात देहरादून के एसएसपी अजय सिंह खुद सड़कों पर उतरे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस हेडक्वार्टर से राज्य के सभी 13 जिलों का हर घंटे अपडेट लिया जा रहा है।
मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ। आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर जान ले ली। इनमें 2 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आतंकवादी हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला। इस बीच पीएम मोदी भी विदेश दौरा छोड़कर स्वदेश लौट चुके हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमला की कड़ी निंदा की है। सीएम धामी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला मानवता के विरुद्ध एक अमानवीय एवं बर्बर कृत्य है। इस कायराना हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। आतंकवाद, संस्कृति, शांति के साथ मानवता के मूल्यों पर हमला है। आतंकियों की जम्मू कश्मीर को अशांत करने की कोशिश कभी भी कामयाब नहीं होगी। इस कुकृत्य का मुंहतोड़ जवाब इन आतंकियों को अवश्य मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications