Nayar Valley Adventure Festival-2026 नयार घाटी बनेगी एडवेंचर हब, कयाकिंग व एंगलिंग के साथ जानिए क्यों है खास
Nayar Valley Adventure Festival-2026 पौड़ी के सतपुली-बिलखेत में तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर शिरकत की। नयार नदी में कयाकिंग और एंगलिंग की रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
जिन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। फेस्टिवल के अंतर्गत एंगलर्स और कयाकर्स बांघाट से व्यासघाट तक निर्धारित रूट पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। एंगलिंग प्रतियोगिता में कुल 12 एंगलर्स प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें बेंगलुरु, अल्मोड़ा और पौड़ी से आए प्रतिभागी शामिल हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन अल्मोड़ा के संजू परोरिया ने नयार नदी में लगभग 2 किलोग्राम की महाशीर मछली पकड़ी, जबकि संजय कुमार ने सर्वाधिक 10 मछलियां पकड़ी। एंगलिंग प्रतिदिन सुबह 6 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित की जा रही है। वहीं नयार नदी की तेज धारा में कयाकिंग ने भी दर्शकों को रोमांचित किया। इसमें विभिन्न राज्यों से 22 कयाकर्स हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थी करिश्मा और सलोनी को महालक्ष्मी किट प्रदान की, योगिता की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई तथा बालिका वैष्णवी को नेम प्लेट भेंट की। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों तुलसीदास एवं बीरेन्द्र को दिव्यांग उपकरण भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने महिला समूहों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके अनुभव जाने और सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने साइक्लिस्टों तथा एंगलरों से भी संवाद कर उनके साहस और उत्साह की सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, रिवर्स बंजी सहित विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार वैली क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है तथा ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर स्थलीय कार्य, विकासखंड बीरोंखाल में कालिंका मंदिर स्थलीय कार्य, विकासखंड एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर स्थलीय कार्य तथा विकासखंड पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण प्रगति पर है, जबकि खोह नदी को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
पौड़ी के गड़िया गांव में प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी का निर्माण, कोटद्वार में 11 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मालन नदी पर पुल निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही पौड़ी के ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन को हेरिटेज के रूप में संरक्षित किया जा रहा है तथा सतपुली में सिंचाई निरीक्षण भवन का निर्माण किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications