Nainital News गुलदार का आतंक, यहां तीन दिन के लिए स्कूलों में छुट्टी, डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश
Nainital News उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष की समस्या लगातार बढ़ रही है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों के लिए दिन में भी बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नैनीताल जिले के धारी, ओखलाकांड और रामगढ़ विकास खंड में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और 1 से 12 तक के सभी स्कूल में तीन दिन का अवकाश घोषित किया है।
आदेश 15 जनवरी से 17 जनवरी तक लागू रहेगा। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है।

ओखलाकांडा, धारी और रामगढ़ में गुलदार का आतंक बना हुआ है। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नैनीताल के भीमताल धारी क्षेत्र में गुलदार के हमले की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिसमें दो महिलाओं को गुलदार ने अपना निवाला बनाया है, जबकि एक महिला को गंभीर घायल कर दिया था। घटना के बाद से ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त विद्यालयों में तीन दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार अवकाश 15 जनवरी से 17 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बीते कुछ समय से पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ी है।
स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों को सुनसान, जंगली क्षेत्र से हो कर गुजरना पड़ता है। जिस कारण उनके साथ अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए अस्थाई रूप से शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित किया जाए। ताकि हालात सामान्य होने तक बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात में सुधार होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आदेश में कहा कि आदेश का कढ़ाई से पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
उधर ठंड का भी प्रदेश में प्रकोप बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार में आज एक दिन का अवकाश करते हुए स्कूलों को बंद रखा गया है। जबकि उधम सिंह नगर में भीषण शीतलहर की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15, 16 और 17 जनवरी तक तीन दिवसीय अवकाश की घोषित की है. जिसके लिए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने आदेश जारी किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications