नैनीताल नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने बढ़ाई जांच, आरोपी की बढ़ सकती है मुश्किल
Nainital minor case update : नैनीताल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म प्रकरण में पुलिस ने जांच आगे बढ़ा दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने आरोपी के घर से एविडेंस इकट्ठा किए हैं। जिससे आरोपी की मुश्किलें बढ़ सकती है। इसके अलावा राज्य सरकार ने भी इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है।
सीएम धामी ने भी इस प्रकरण के बाद अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवार से बात कर सीएम ने न्याय का भरोसा दिलाया है।सीएम धामी ने नैनीताल की दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों को न्याय व सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को निर्देश दिए कि पीड़िता के परिवार को आवश्यक सुरक्षा एवं सभी प्रकार की प्रशासनिक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी ने पीड़िता को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के लिए प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार की ओर से पीड़ित बालिका और उसकी बहन की समुचित शिक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी।
बता दें कि 30 अप्रैल को नैनीताल से घटना सामने आई। नाबालिग लड़की के परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दुष्कर्म किया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस मामले को लेकर नैनीताल में जमकर बवाल हुआ और लोगों ने आरोपी के खिलाफ जमकर हंगामा काटा। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट के सामने पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
इसके बाद मामले की गहनता से जांच शुरू हो गई। फॉरेंसिक टीम ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी के घर की गहन तलाशी ली। टीम ने आरोपी की कार, गैराज और घर में मौके से अन्य संदिग्ध वस्तुएं कब्जे में ली हैं। बताया जा रहा है कि कार इस पूरे प्रकरण में आरोपी की मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसी कार में दुष्कर्म की बात सामने आई है। पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई जा चुकी है। सभी की रिपोर्ट का इंतजार है। उधर आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल कोर्ट ने रोक लगाई हुई है।












Click it and Unblock the Notifications