महाशिवरात्रि 2024: हरिद्वार और उत्तरकाशी में निकली शिव बरात, जानिए बाराती और भक्तों ने कैसे लिया आनंद
महाशिवरात्रि पर्व पर आज देवभूमि में भी जमकर उत्साह है। हरिद्वार और उत्तरकाशी में शिव बरात निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिली। संत समाज, महिलाएं, बच्चे और हर वर्ग के लोगों ने बरात में हिस्सा लिया। पूरा देवभूमि शिव की भक्ति में रंगा हुआ नजर आ रहा है।

देवभूमि के प्रत्येक शिव मंदिर में रात से ही भक्तों ने जलाभिषेक किया। लोग रात से ही कतारों में लगे रहे। महाशिवरात्रि के मौके पर हरिद्वार में भव्य शिव बरात निकाली गई। इस दौरान सड़कों पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। गण और भूत-प्रेत, पिशाच का रूप धारण कर शिवभक्त डीजे की धुन पर जमकर थिरके।
उत्तरकाशी में रामलीला मैदान से लेकर पूरे शहर में शिव बरात निकली। नंदी पर सवार होकर शिव पालकी में पार्वती के साथ भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान स्थानीय लोग बराती बनकर शामिल हुए। महिलाएं, युवा और भक्त जमकर झूमे। काशी विश्वनाथ मंदिर में तीन बजे से ही भक्त मंदिर में दर्शन और जल चढ़ाने पहुंचे। इसके बाद घंटों तक भक्त कतार में लगकर दर्शन को पहुंचे।
महाशिवरात्रि को लेकर देहरादून के ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया गया है। आधी रात से ही भगवान टपकेश्वर महादेव भक्तों को दर्शन देने शुरू कर दिए थे। यहां भगवान टपकेश्वर का भव्य रूप से शृंगार किया गया। इसके बाद रात 12 बजे ही भक्त टपकेश्वर महादेव के दर्शन करने लगे थे। मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि मंदिर में महाशिवरात्रि पर 5100 लीटर केसर युक्त दूध भक्तों को वितरित किया जाएगा।
बंजारावाला स्थित सिद्धेश्वर मंदिर को भी भव्य तरीके से सजाया गया है। यहां भी दूर दराज क्षेत्र से शिव भक्त पहुंचे, मंदिर परिसर के पास मेले का भी आयोजन किया गया। जहां लोगों ने जमकर आनंद लिया। इस दौरान भांग की पकौड़ी, भांग की चटनी, घोटा भी लेते हुए नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications