Viral Video : FRI में एक हफ्ते से फैली 'तेंदुए' की दहशत, छात्र-छात्राएं हॉस्टल में रहने को मजबूर
देहरादून स्थित FRI कैंपस में पिछले एक हफ्ते से कई बार यह तेंदुआ अपने 3-4 शावकों के साथ छात्रों और स्टाफ को नजर आ चुका है। जिसके चलते कॉलेज प्रबंधन ने नोटिस जारी कर शाम के बाद आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

उत्तराखंड के देहरादून स्थित एफआरआई ( FRI ) कैंपस की कुछ वीडियोस इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। इन वीडियोस में एक तेंदुआ कैंपस के अंदर सैर करता नजर आ रहा है। जानकारी अनुसार करीब पिछले एक हफ्ते से कई बार यह तेंदुआ अपने 3-4 शावकों के साथ छात्रों और स्टाफ को नजर आ चुका है। जिसके चलते कॉलेज प्रबंधन ने नोटिस जारी कर शाम के बाद आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। बता दें कि सात एकड़ के क्षेत्रफल में फैला यह कैंपस जंगल के किनारे बना हुआ है।
Recommended Video

कॉलेज कैंपस में फैली तेंदुए की दहशत
दरअसल, फारेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट ( FRI ) और इसका कैंपस शहर के बाहरी इलाके और जंगल के बॉर्डर पर बना हुआ है। जिसके चलते बीते कई सालों में यहाँ अलग-अलग जंगली जानवरों के हमले की ख़बरें आती रही हैं। स्थानीय लोगों और कुछ छात्रों के असनुसार यहाँ हॉस्टल व कैंपस के आसपास के कुत्तों या अन्य छोटे पालतू जानवरों को तेंदुआ आए दिन अपना शिकार बना लेता है। इसके इलावा कई बार कैंपस में जंगली सूअरों को देखे जाने के मामले सामने आए हैं। हालांकि कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों की सुरक्षा के लिए पूरी सतर्कता बरती जाती है और पुख्ता इंतेज़ाम भी किए जाते रहें हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले एक हफ्ते से इस तेंदुए की चहलकदमी कॉलेज कैंपस में लगातार देखी गई है। जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वह भी कॉलेज के किसी छात्र ने बनाई है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि किस तरह यह तेंदुए का एक शावक रोड के बीचों बीच खड़ा है। पर जैसे ही उस पर गाड़ी की लाइट पड़ती है तो पहले वह थोड़ा विचलित होता है और फिर वहां से चला जाता है।

कभी भी हो सकता है हमला
कॉलेज के कुछ छात्रों और प्रबंधन द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है कि यह एक मादा तेंदुआ है और इसके 3-4 शावक भी इसके साथ हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब एक मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ होती है तो वह ज्यादा खतरनाक होती है। ऐसा इसलिए कि अगर उसे लगता है कि उसके शावकों को खतरा है तो वह किसी पर भी हमला कर सकती है। इसलिए मौजूदा स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कॉलेज प्रबंधन ने एमएससी और पीएचडी के छात्र-छात्राओं के लिए एक आदेश जारी किया है।
कॉलेज द्वारा जारी किए गए निर्देश
कॉलेज द्वारा जारी किये गए आदेश में लिखा है कि "वन अनुसन्धान संसथान परिसर में तेंदुआ देखे जाने के कारण सभी छात्रों को निर्देशित किया जाता है कि सायं काल में 6 बजे के बाद बिना किसी अति आवश्यक कार्य के हॉस्टल से बाहर न जाएं। यदि किसी अति आवश्यक कार्य की वजह से बाहर जाने की स्तिथि होती है तो वार्डन से आज्ञा लेकर और अपने सह विद्यार्थियों के साथ ही बाहर जाएं।

2 हफ़्तों के लिए बंद किया गया कॉलेज
इसके इलावा 28 दिसंबर को कॉलेज प्रबंधन द्वारा जारी किये गए परिपत्र में कहा गया है कि "अभी तक तेंदुए के देखे जाने की घटनाए या तो प्रातः सुबह या देर शाम की आ रही थी। परन्तु अब तेंदुए को दिन में भी विचरण करते देखा गया है। इसलिए किसी अनहोनी से बचने एवं सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए अनुसन्धान संसथान परिसर के सभी आंगतुकों को 29 दिसंबर से 15 जनवरी तक बंद किया जा रहा है।" इस बीच वन विभाग द्वारा तेंदुए और उसके शावकों को पकड़ कर जंगल में किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा।
आपको बता दें कि वीडियो के जमकर शेयर करने की वजह केवल खतरा ही नहीं है, वीडियो में दिख रहे तेंदुए के शावक दृश्य मोहक भी है। जिसके चलते अति उत्साह में छात्र-छात्रा वीडियो बनाने की कोशिश कर सकते हैं जो बेहद खतरनाक हो सकती है। लिहाजा जरुरी है एफआरआई के जारी निर्देशों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए।

कई बॉलीवुड फिल्मो की हो चुकी है शूटिंग
भारत में 1878 के बरस रेंजरों की ट्रेनिंग के लिए देहरादून में एक स्कूल खोला गया। 1884 में जब केन्द्रीय ब्रिटिश सरकार ने इसे अपने अधीन लिया तो इसका नाम ‘इम्पीरियल फारेस्ट स्कूल' रखा. तब का इम्पीरियल फारेस्ट स्कूल ही आज का फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट और कालेज है। ग्रीक रोमन भवन निर्माण शैली में बनी यह बिल्डिंग आज विश्व की ऐतिहासिक इमारतों में शामिल है। फिल्म मेकर्स व प्रोड्यूसर्स एफआरआई के ख़ूबसूरत परिसर को शूटिंग के लिए बेहद मुफीद मानते हैं।
एफआरआई की सुंदरता फ़िल्मी पर्दे पर एक अलग ही आकर्षण पैदा करती है। अब तक यहां कई क्षेत्रीय व बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इनमें मुख्य है, "दुल्हन एक रात की, कृष्णा कॉटेज, रहना है तेरे दिल में, कमरा नंबर 404, पान सिंह तोमर, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2, दिल्ली खबर, डियर डैडी, महर्षि, यारा जीनियस।" जानकारी अनुसार कोरोना काल के बाद भी एफआरआई प्रशासन को फिल्मों की शूटिंग के दर्जनों आवेदन मिले जिन्हें अनुमति नहीं दी गयी।












Click it and Unblock the Notifications