Kedarnath Dham यात्रा पैदल मार्ग पर घोड़े खच्चरों के संचालन से लौटी रौनक, नई सुविधा भी शुरू
kedarnath dham yatra केदारनाथ धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर एक बार फिर रौनक बढ़ गई है। लगभग एक सप्ताह के बाद केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों की आवाजाही तेज हो गई है। गौरीकुंड से 1709 घोड़ा-खच्चरों पर सवार होकर यात्री केदारनाथ स्थित घोड़ा पड़ाव पहुंचे।
पूरे पैदल मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर पशु चिकित्सकों ने जानवरों के स्वास्थ्य की जांच की। उधर परिवहन विभाग ने केदारनाथ में महिला एवं बुजुर्गों के लिए विशेष सेवा शुरू की है, घोड़ा पड़ाव से मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर तक का सफर शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।

रविवार को सुबह 6 बजे से ही घोड़ा-खच्चरों का संचालन शुरू हो गया था। पशु चिकित्सकों ने जानवरों की जांच की और उन्हें स्वस्थ घोषित किया। इसके बाद 1709 घोड़ा-खच्चरों को केदारनाथ के लिए रवाना किया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने इन जानवरों की जंगलचट्टी, भीमबली, लिनचोली और बेस कैंप में जांच की।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर म्यूल टॉस्क फोर्स निगरानी करती रही। इस दौरान 25 खच्चरों से राशन, सब्जी और अन्य सामग्री धाम पहुंचाई गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आशीष रावत ने बताया कि इक्वाइन इन्फ्लूएंजा का संक्रमण कम हो रहा है और बीमार घोड़ा-खच्चरों के स्वास्थ्य में अपेक्षानुसार सुधार हो रहा है।
केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए देश- विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के निर्देशन में परिवहन विभाग ने महिला एवं बुजुर्गों के लिए विशेष सेवा शुरू की है, वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बताया कि घोड़ा पड़ाव से मंदिर तक जो लगभग 2 किलोमीटर तक का सफर है वहां से मंदिर तक ट्रैक्टर यानी शटल सेवा की व्यवस्था की गई है जिससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मंदिर प्रांगण तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा ।
केदारनाथ धाम यात्रा अपडेट
- रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ धाम यात्रा सकुशल चल रही है।
- केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से अब तक कुल 2,26,583 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिये गये हैं।
- रुद्रप्रयाग मुख्यालय सहित सभी कस्बों में यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है।
- सीतापुर/सोनप्रयाग स्थित पार्किगों में वाहनों का आगमन-बर्हिगमन निर्बाध तरीके से हो रहा है।
- गौरीकुण्ड से लेकर केदारनाथ धाम तक पैदल यात्रियों की निर्बाध तरीके से पैदल, घोड़ा-खच्चर, डण्डी-कण्डी के माध्यम से आवाजाही हो रही है।
- गुप्तकाशी-फाटा-शेरसी स्थित हैलीपैडों से हैलीकॉप्टर के माध्यम से श्रद्धालुगण बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं।
- केदारनाथ धाम मन्दिर दर्शनों के लिए टोकन के माध्यम से श्रद्धालुगण सुगम दर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications