Kedarnath dham: 14 लाख का आंकड़ा पार, मानसून की बारिश में भी शिवभक्तों का उत्साह चरम पर, टूटा ये रिकॉर्ड
Kedarnath dham: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच भी चार धाम यात्रा चल रही है। इस बीच सावन मास में शिव भक्तों ने केदारनाथ धाम में पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। जिसके चलते यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। अब तक केदारनाथ धाम में 14 लाख 15 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं।
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ ज्योतिर्लिंग में कांवड़िए भी जगह-जगह से जल लेकर केदारनाथ धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया। जहां पहले दो से तीन हजार के करीब भक्त बाबा केदार के धाम पहुंच रहे थे। वहीं, अब आंकड़ा पन्द्रह हजार के करीब पहुंच गया है।

बता दें कि मानसून आने के बाद से केदारनाथ पहुंचने के रास्तों में जगह जगह भूस्खलन होता रहता है। ऐसे में कई बार यात्रा मार्ग बाधित हो जाते हैं। इतना ही नहीं केदारनाथ हाईवे से लेकर गौरीकुंड-केदारनाथ 19 किमी पैदल मार्ग से होकर जाना किसी चुनौती से कम नहीं। बावजूद सावन मास में शिव के भक्त केदारनाथ पहुंच रहे हैं। सावन मास में भगवान शंकर को जल चढ़ाने भक्त पहुंच रहे हैं।
तीर्थ पुरोहितों ने बताया कि सावन मास में भारी संख्या में भक्त बाबा केदार को जल चढ़ाने को पहुंच रहे है। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों के भी चेहरे खिल उठे हुए हैं। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार बाबा केदारनाथ धाम में अब तक 14 लाख 15 हजार से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।
चार धाम यात्रा का संचालन भी सुचारू रूप से चल रहा है। पर्यटन विभाग का कहना है कि इस बार गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा में अब तक 39 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।
चारधाम यात्रा के लिए गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के लिए कुल 47 लाख 27 हजार 619 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। साथ ही हेमकुंड साहिब के लिए 2 लाख, 16 हजार, 960 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। चारधाम यात्रा के लिए अब तक 49 लाख, 41 हजार, 527 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं।












Click it and Unblock the Notifications