केदारनाथ के लिए उमड़ रहा श्रद्धालुओं का हुजूम, भीड़ को देखते हुए दर्शन के लिए बदले गए नियम
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ केदारनाथ के लिए उमड़ रही है। ऐसे में मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। श्रद्धालु फिलहाल स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन सभामंडप से ही कर रहे हैं। सिर्फ विशेष पूजाएं करने वाले श्रद्धालुओं को ही रात में गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति है।

मौसम साफ होते ही केदारनाथ धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं का हूजूम उमड़ पड़ा है। जिस वजह से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने दर्शन का समय तीन से चार घंटे तक बढ़ा दिया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
श्रद्धालु अब स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन सभामंडप से ही कर रहे हैं। सिर्फ विशेष पूजाएं करने वाले श्रद्धालुओं को ही रात में गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति है। मंदिर समिति के अनुसार बीते चार दिन में ही 65 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। इसी को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन का समय बढ़ा दिया है।
अब श्रद्धालु दोपहर बाद तीन बजे के बजाय शाम चार बजे तक और उसके बाद शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक बाबा के दर्शन कर सकते हैं। शाम की आरती साढ़े सात बजे होती है, जबकि विशेष पूजाएं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रात 11 बजे से शुरू की जा रही हैं।
केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सेवा को लेकर भी उत्साह लोगों में देखा जा रहा है। 31 अक्तूबर तक केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग फुल हो चुकी है। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ जाने के लिए टिकटों की जबरदस्त मारामारी है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि अधिक से अधिक यात्री बाबा केदार के दर्शन कर सकें, इसके लिए मंदिर के कपाट देर रात तक खुले रखे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications