Kainchi Dham Temple: हनुमान जन्मोत्सव की है खास तैयारी, जानिए कब और क्यों प्रसिद्ध है बाबा नीब करौरी महाराज
Kainchi Dham Temple: बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम मंदिर में वैसे तो हर रोज ही भक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन हनुमान जन्मोत्सव और बाबा नीब करौरी महाराज की जयंती (15 जून) पर बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं। इस बार भी आगामी 12 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाना है।
ऐसे में इस दिन कैंची धाम में हजारों की संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। जिसे देखते हुए नैनीताल पुलिस-प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार वीकेंड पर भी लंबी छुट्टियां हैं। ऐसे में भक्तों की गाड़ियों को निर्धारित जगह पर खड़ी करवा कर उन्हें शटल बस के जरिए धाम तक पहुंचाया जा रहा है।

कैंची धाम मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। पर्यटन सीजन को देखते हुए नैनीताल और कैंची धाम मंदिर के लिए शटल सेवा शुरू की गई है।
भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए इंडस्ट्रियल एरिया भीमताल कार पार्क में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। ज्योलीकोट-भवाली मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सेनेटोरियम के पास पार्किंग उपलब्ध रहेगी। यह पार्किंग कैंची बाईपास से करीब 1.5 किमी दूर है. यहां से शटल सेवा के जरिए पर्यटकों को भेजा जा रहा है।
नैनीताल जिले का बाबा नीब करौरी का कैंची धाम देश ही नहीं विदेश में भी चमत्कारिक और रहस्यों से भरा मंदिर है। कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज भगवान हनुमान के अवतार माने जाते हैं। मान्यता है कि यहां भक्तों की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली से लेकर विदेश हस्तियां भी बाबा की भक्त हैं।
नीब करौरी या नीम करोली बाबा का जन्म साल 1900 के आसपास बताया जाता है। उनका जन्म अकबरपुर (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। नीब करौरी बाबा का असली नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा बताया जाता है। कहा जाता है कि महज 17 साल की आयु में ही उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हो गई थी। नीब करौरी बाबा खुद हनुमान जी के भक्त थे। जो कि भगवान हनुमान का अवतार भी माना जाता है।
कैंची धाम को बाबा नीब करौरी की तपोस्थली माना जाता है। कहा जाता है कि 1960 के दशक में नीब करौरी बाबा ने कैंची धाम की स्थापना की थी। बाबा के भक्तों में फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग, स्टीव जॉब्स, भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के अलावा हॉलीवुड एवं बॉलीवुड के साथ ही कई उद्योगपतियों के नाम शामिल हैं। कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के साथ भगवान हनुमान जी की भी मूर्ति स्थापित हैं। यहां हर शनिवार और मंगलवार को हनुमान जी की विशेष आरती एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications