योग प्रशिक्षकों को धामी सरकार की बड़ी सौगात, राजकीय महाविद्यालयों में 117 पदों पर भर्ती प्रक्रिया, जानिए कब से
job in uttarakhand: उत्तराखंड में योग प्रशिक्षकों को धामी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। राजकीय महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों के 117 अस्थाई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योग प्रशिक्षकों के मेरिट के आधार पर साक्षात्कार होंगे। उन्हें इसके लिए बुलाए जाने के लिए समय सारणी तय कर दी गई है।
एक से आठ अगस्त के बीच अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होंगे। इसके बाद 11 अगस्त से चयनित अभ्यर्थियों को महाविद्यालयों में तैनाती मिलेगी। उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं सेवा योजना विभाग के बीच रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से 640 आवेदन पत्रों पर ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की सहमति बनी है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि योग प्रशिक्षकों के मेरिट के आधार पर साक्षात्कार होंगे। उन्हें इसके लिए बुलाए जाने के लिए समय सारणी तय कर दी गई है।सेवा योजन विभाग को इन अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर जनपदवार सूची उपलब्ध कराने को कहा है। इस पद के लिए शैक्षिक योग्यता व अनुभव के लिए कुल 100 अंकाें का निर्धारण किया है।
अभ्यर्थियों को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में अधिकतम 10-10 अंक, स्नातक में 20, पीजी डिप्लोमा, एम.ए. योगा में 30 एवं अनुभव के लिए प्रति वर्ष तीन अंकों का प्रावधान कर अधिकतम 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। जबकि साक्षात्कार के लिए 50 अंकों का निर्धारण किया गया है। 25 जुलाई तक अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी।
विभाग का कहना है कि योग प्रशिक्षकों की भर्ती के बाद अध्ययनरत छात्र-छात्राएं योग के गुर सीखेंगे, जिससे उन्हें न केवल किताबी ज्ञान मिलेगा, बल्कि उत्तम स्वास्थ्य की भी सीख मिलेगी। योग प्रशिक्षित बेरोजगार महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष अमित नेगी ने कहा कि प्रशिक्षकों की तैनाती के लिए दो बार कैबिनेट में प्रस्ताव आ चुका है। पहले 2021 में और फिर 2023 में प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिली। अब तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। जो जल्द पूरी की जाए। जल्द ही आउटसोर्स के माध्मय से योग प्रशिक्षकों की तैनाती की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications