कहीं सेल्फ गोल तो नहीं कर बैठे हरीश रावत? सोशल मीडिया पर प्रदेश अध्यक्ष को बना दिया 'गणेश अवतार'
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने खेला हिंंदुत्व कार्ड
देहरादून, 23 अगस्त।
उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान का श्री गणेश होते ही पोस्टर भी जारी हो गया है। चुनावी अभियान समिति की कमान संभाल रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में एक तरफ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हाथ जोड़े गणेश भगवान के सामने खड़े हैं तो उसके ठीक नीचे गणेश गोदियाल को भगवान का अवतार बताते हुए 6 बुराइयों पर प्रहार करते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर यह पोस्टर जमकर वायरल हो रहा है। साथ ही पोस्टर जारी होते ही लोगों की प्रतिकियाएं भी सामने आने लगी है, कुछ लोगों ने इस पोस्टर पर आपत्ति भी जाहिर की हैा

गणेश के बहाने हिंदुत्व कार्ड
कांग्रेस सत्ता परिवर्तन को 3 सितंबर से परिवर्तन यात्रा निकालने की तैयारी में जुटी हुई है। इसके लिए हरीश रावत ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व और उनके नाम के साथ ही चुनाव में जाने का ऐलान किया है। खास बात ये है कि गणेश गोदियाल के नाम के आगे गणेश को लेकर हरीश रावत जमकर हिंदुत्व कार्ड खेल रहे हैं। पहले हर कार्यक्रम से पहले श्री गणेश के जयकारे लगाने का दांव और अब गणेश गोदियाल का भगवान के साथ पोस्टर जारी करना इसी रणनीति का हिस्सा है। हरीश रावत राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी है। जो कि समय के साथ दांव को खेलना समझते हैं। ऐसे में हरीश रावत की टाइमिंग कभी भी गलत नहीं रहती है। आप से लेकर बीजेपी हर कोई हिंदुत्व कार्ड पर जमकर राजनीति कर रही है। ऐसे में हरीश रावत कहां पीछे रहने वाले है। हरीश रावत ने इसका तोड़ निकालते हुए गणेश गोदियाल का श्री गणेश शब्द इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
6 बुराइयों पर किया प्रहार
हरीश रावत चुनाव से पहले जमकर जय श्री गणेश बोलते नजर आ रहे हैं वहीं अब हरीश रावत ने गणेश गोदियाल को लेकर पोस्टर जारी किया है जिसमें गणेश गोदियाल भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं। हरीश रावत ने पोस्टर में गणेश गोदियाल को एक योद्धा के तौर पर उतारा है। जो कि ही महिला अपमान ,भ्रष्टाचार और दलबदल, कुशासन और ठप्प पड़ा विकास, महंगाई एवं कोरोना का बढ़ता संक्रमण, बेरोजगारी और गरीबी पर सभी पर हथियार चलाते दिख रहे हैं। पोस्टर में गोदियाल किसी पर सुदर्शन चक्र किसी पर तीर किसी पर त्रिशूल और किसी पर नागपाश चलाते दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर से साफ है कि हरीश रावत इन मुद्दों पर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। हरीश रावत कांग्रेस और अपनी मुस्लिम तुष्टीकरण की इमेज को इस चुनाव में बदलने की कोशिश में जुटे हैं।
सोशल मीडिया में सामने आने लगी प्रतिक्रियाएं
हरीश रावत के गणेश गोदियाल को गणेश के अवतार में पोस्टर जारी करने के बाद सोशल मीडिया में लोगों की लगातार प्रतिक्रियाएं भी आने लगी है। कुछ लोग इस पोस्टर का स्वागत कर रहे हैं तो कुछ इस पर आपत्ति भी दर्ज करा रहे हैं। कुछ लोगों ने इस पोस्टर को हिंदू देवताओं का अपमान भी बताना शुरू कर दिया है। ऐसे में ये पोस्टर चुनाव में नए विवाद को भी जन्म दे सकता हैा हरीश रावत के ऑफिसियल फेसबुक पेज पर एक यूजर ने लिखा है कि सेल्फगोल आपके पास रणनीतिकारों की कमी साफ देखी जा सकती हैा इसी तरह दूसरे यूजर ने लिखा है कि इस चित्र पर विवाद हो सकता हैा अधिकतर यूजर इसे हिदू देवताओं का अपमान बताते हुए कमेंट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications