उत्तराखंड पहुंची हरियाणा पुलिस ने धरे 4 लुटेरे, तभी एक ने पिस्तौल चलाकर कांस्टेबल को मार डाला
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में हरियाणा के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। उत्तराखंड पुलिस ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि, हरियाणा पुलिस की लापरवाही से चलते ही उनके एक कॉन्सटेबल की जान चली गई। दरअसल, हरियाणा पुलिस चार अपराधियों को पकड़ने आई थी। उन्होंने अपराधियों को पकड़ भी लिया, हालांकि लापरवाही के कारण एक अपराधी ने पिस्तौल निकालने में कामयाबी हासिल कर ली, उसके बाद अपराधी ने हरियाणा पुलिस के एक कांस्टेबल को गोली मार दी। गोली लगने से कांस्टेबल की मौत हो गई।

उत्तराखंड के हरिद्वार का मामला
उत्तराखंड पुलिस के मुताबिक, लूट के एक मामले में चार अपराधियों का पीछा करते हुए फरीदाबाद पुलिस कल रात करीब 10 बजे हरिद्वार पहुंची थी। वहीं, अपराधियों में से एक ने गोली चला दी, जिससे पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि, तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक फरार हो गया है। फरार अपराधी की तलाश में हरिद्वार पुलिस ने रात भर अभियान चलाया।

हरियाणा पुलिस ने हरिद्वार पुलिस को सूचना नहीं दी थी
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक कुमार ने कहा, "हरियाणा पुलिस ने हरिद्वार पुलिस को अपने आने की सूचना नहीं दी थी। उन्होंने खुद ही यहां चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन लापरवाही के कारण, एक बदमाश ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और गोली चला दी, जिससे पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। अब फरार बदमाश की तलाश जारी है।"

घटना की जांच के आदेश दिए गए
बताया जा रहा है कि, घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ योगेंद्र सिंह रावत और सर्कल अधिकारी (सीओ) अभय प्रताप सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां एसएसपी रावत ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश उपाध्याय को भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
डीजीपी ने कहा कि, फरार हुए लुटेरे की तलाश में हरिद्वार पुलिस ने सीमा पर नाकाबंदी कर रात भर अभियान चलाया। बहरहाल, आगे की जांच भी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications